आज से रोजाना चलेगी संगम एक्सप्रेस

मेरठ। कोरोना की दूसरी लहर के धीमा पड़ने के बाद एक बार फिर रेलवे ने ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है। एक महीने से सप्ताह में चार दिन चल रही मेरठ सिटी से प्रयागराज जाने वाली संगम एक्सप्रेस का संचालन 13 जून से रोजाना किया जाएगा। प्रयागराज से चलने वाली संगम एक्सप्रेस 13 जून और मेरठ सिटी से चलने वाली 14 जून से रोजाना चलेगी। इसके अलावा 14 जून से दिल्ली-देहरादून जनशताब्दी और देहरादून-कोटा नंदा देवी का संचालन भी शुरू हो जाएगा। सिटी स्टेशन अधीक्षक आरपी सिंह ने बताया कि रेलवे ट्रेनों का नया टाइम टेबल भी तैयार कर रहा है। हालांकि, कोरोना के कारण उसे अभी तक जारी नहीं किया गया है। इस बार उम्मीद है कि ट्रेनों के समय में काफी बदलाव होंगे। पैसेंजर ट्रेनों को चलाने के लिए भी मुख्यालय से सूची मांगी गई थी। इसे भेज दिया गया था। सहारनपुर से वाया मेरठ, दिल्ली को जाने वाली पैसेंजर ट्रेनों के संचालन की सूचना भी अगले एक-दो दिन में आने की उम्मीद है। अंग्रेजों के समय से अमृतसर से चलकर वाया मेरठ, मुंबई को जाने वाली गोल्डन टेंपल के समय में बदलाव कर दिया गया था। शुक्रवार को ट्रेन अपने नए समय दोपहर 3:25 बजे मुंबई से चलकर सिटी स्टेशन पहुंची। पहले मुंबई से चलकर सिटी स्टेशन पहुंचने का समय रात 9:25 था। अब इसे बदल दिया गया है। अब ट्रेन सुबह 5:25 बजे के बजाय रात 2:07 बजे अमृतसर से चलकर सिटी स्टेशन पहुंचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *