सीएम योगी ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को फोन कर दिए जन्मदिन की बधाई

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आज जन्मदिन है। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें फोन कर बधाई दी। सीएम योगी ने उन्हें ट्वीट कर भी बधाई दी और कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं। बता दें कि अखिलेश यादव के जन्मदिन पर सपा कार्यकर्ताओं ने कल से ही जश्न मनाना शुरू कर दिया था। कार्यकर्ताओं ने मंदिरों में पूजा-पाठ की और केक काटा। अखिलेश यादव आज 1 जुलाई को अपना 48वां जन्मदिन मना रहे हैं। गौरतलब है कि प्रदेश में यूपी के 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा इसी जुलाई महीने से ही पूरी तरह चुनावी मैदान में कूदने को तैयार है। सपा ने तैयारियां कर ली हैं। यह चुनाव भाजपा के लिए बेहद अहम है क्योंकि यूपी चुनाव को 2024 के लोकसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं सपा के लिए ये चुनाव अस्तित्व का सवाल है। चुनाव में तेज जुबानी जंग होना तय है। ऐसे में दो नेताओं के बीच इस तरह बधाइयों का आदान-प्रदान अच्छी बात है। बता दें कि अखिलेश यादव ने भी पांच जून को मुख्यमंत्री योगी के जन्मदिन पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *