Kupwara: जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। करनाह इलाके के टीटवाल-सिमरी मार्ग पर सोमवार दोपहर यात्रियों से भरी एक सूमो गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
मची चीख-पुकार, लोगों ने बचाई जान
हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और अपनी जान जोखिम में डालकर खाई में उतरे। उन्होंने घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
अस्पताल में भर्ती, कई हंदवाड़ा रेफर
सभी घायलों को तुरंत उप-जिला अस्पताल तंगधार ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद 6 घायलों को बेहतर इलाज के लिए GMC हंदवाड़ा रेफर कर दिया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान की जा रही है। शुरुआती जांच में ओवरलोडिंग और सड़क की खराब हालत को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें:-1 अक्टूबर से बदल जाएंगे ये 8 बड़े नियम, सीधा आपकी जेब पर पड़ेगा असर