मिशन 2022 से पहले मठ-मंदिरों में दस्तक देंगे भाजपाई

गोरखपुर। मिशन 2022 से पहले भाजपा नेता व जनप्रतिनिधि मठ, मंदिरों में दस्तक देंगे। साधु-संतों को अंगवस्त्र व नारियल देकर सम्मानित करेंगे। साथ ही जीत का आशीर्वाद भी लेंगे। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भाजपा की प्रदेश कार्य समिति की बैठक में गत शुक्रवार को आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र दिया गया। इसी लिहाज से क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह ने शनिवार को क्षेत्र के जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारियों के साथ वर्चुअल संवाद किया। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 24 जुलाई को गुरु पूर्णिमा है। इस दिन संगठन के पदाधिकारी, सांसद व विधायक मठ-मंदिरों में जाएंगे। साधु-संतों को सम्मानित करने के साथ ही उनका आशीर्वाद लेंगे। यह मुहिम पूरे प्रदेश में एक साथ चलेगी। गोरखपुर-बस्ती व आजमगढ़ मंडल में भी अभियान प्रमुखता से चलना है। डॉ धर्मेंद्र ने कहा कि पार्टी की तरफ से 23, 24 और 25 जुलाई को वैक्सीनेशन का विशेष अभियान चलाया जाएगा। कोरोना की तीसरी लहर की चुनौती से निपटने के लिए हर गांव में दो स्वास्थ्य प्रतिनिधि तैयार किए जाएंगे। इसमें एक पुरुष और एक महिला रहेगी। इसी तरह मंडल स्तर पर पांच की टोली बनानी है। इन सबको प्रशिक्षित भी किया जाना है। क्षेत्रीय अध्यक्ष के मुताबिक 25 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात हर बूथ पर सुनने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। 26 से 31 जुलाई तक हर ब्लॉक में कार्यक्रम आयोजित कर ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्यों का अभिनंदन किया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार जरूरतमंद परिवारों को निशुल्क राशन उपलब्ध करा रही है। पात्र कार्ड धारकों को यह सुविधा नवंबर तक मिलनी है। सबको राशन मिले, यह सुनिश्चित करना है। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मुफ्त वैक्सीन देने और निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हर जिले से धन्यवाद ज्ञापित कराया जाएगा। हर जिले में 50 लोगों को होर्डिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री को धन्यवाद देना है। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने महिला, युवा और किसान मोर्चा के गठन में सामाजिक समीकरण पर जोर दिया और कहा कि निर्धारित मानक को पूरा किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *