सप्ताह में एक घंटे सिर्फ कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान

लखनऊ। प्रदेश सरकार ने चुनाव से पहले कर्मचारियों की नाराजगी का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि हर सप्ताह एक दिन समय तय कर कार्यालय के कर्मचारियों के समस्याओं की सुनवाई की जाए। मुख्यमंत्री योगी ने मंगलवार को लोकभवन में एक उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर कार्यालय में उच्चाधिकारी सप्ताह में एक दिन एक घंटा कर्मचारियों की समस्याओं व शिकायतों का संज्ञान लें। उन्होंने इसके लिए तय दिन कार्यालय अवधि के आखिरी एक घंटे को आरक्षित करने को सुविधाजनक बताया है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कर्मचारियों की तमाम ऐसी शिकायतें हैं, जो स्थानीय स्तर पर अधिकारी के थोड़ा संज्ञान लेने से निस्तारित हो सकती हैं। दैनिक कामकाज में अक्सर व्यस्तताओं के चलते इस ओर ध्यान नहीं दिया जाता, जिससे प्रकरण लंबित रह जाता है। ऐसे में सप्ताह में किसी एक दिन एक घंटे का समय कर्मचारियों की समस्याओं को सुनने के लिए तय किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्घ ढंग से किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *