डीएम और एसएसपी जिले स्तर पर ही निपटाएं व्यापारियों की समस्या: सीएम योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी डीएम और एसपी को व्यापारियों से संबंधित समस्याओं का निस्तारण जिले स्तर पर ही करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को हर महीने में एक निर्धारित करके उस दिन व्यापार मंडल और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित करने के भी निर्देश दिए हैं। जिसके तहत जिले स्तर पर ही बड़े व छोटे सभी व्यापारियों की समस्याओं की सुनवाई करते हुए त्वरित निस्तारण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह निर्देश मंगलवार को व्यापार और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं और जरूरतों की मेरिट के आधार पर समाधान कराया जाए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के जमीनी विवाद, नए उपक्रम को चालू करने के लिए जमीन की जरूरत, कानून व्यवस्था, अराजक तत्वों के मामले, बिजली, पानी, साफ -सफाई के साथ उनकी सभी शिकायतों की सुनवाई पर खास फोकस किया जाए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर संतोष जताते हुए व्यापारियों ने भी उसका स्वागत किया है। व्यापारियों ने कहा सीएम के इस फैसले से निर्धारित समय पर जिले में ही समस्याओं का निदान होने से व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी। लखनऊ महानगर सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री राहुल गुप्ता ने बताया कि संवाद कार्यक्रम से सीधे तौर पर व्यापारियों को लाभ मिलेगा। जब जिले स्तर पर ही डीएम व एसपी समस्याओं का निस्तारण करेंगे तो व्यापारियों के सामने आने वाली चुनौतियां दूर हो सकेंगी। उप्र कपड़ा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अशोक मोतियानी ने फैसले के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि संवाद कार्यक्रम से बड़े व छोटे व्यापारियों की समस्याओं का निदान समय पर होगा। यह एक सराहनीय पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *