बलिया। जनपद के लाल एवं सीआरपीएफ में कमांडेंट (प्रशिक्षण) के पद पर तैनात जयदेव केसरी को पदोन्नत कर डीआईजी बनाया गया है। बलिया में जन्म लेने वाले जयदेव केसरी वर्तमान में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में तनाव प्रबंधन पर पीएचडी कर रहे हैं। जयदेव केसरी की इस उपलब्धि से जनपद वासियों में हर्ष का माहौल है। मूल रूप से बलिया में जन्म लेने वाले जयदेव केसरी की शिक्षा मिलिट्री स्कूल चैल शिमला से हुई। दिल्ली विश्वविद्यालय से वनस्पति विज्ञान में एमएससी करने के बाद 1993 में सीआरपीएफ में अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त किया था। जयदेव केसरी को डीजी सीआरपीएफ कुलदीप सिंह ने मुख्यालय में आयोजित पीपिंग समारोह में डीआईजी के पद पर पदोन्नत कर सम्मानित किया। जयदेव केसरी त्रिपुरा, पंजाब, असम, झारखंड, छत्तीसगढ़ और जम्मू कश्मीर में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वह कोसोवो में संयुक्त राष्ट्र मिशन में भी भाग ले चुके हैं। उन्हें संयुक्त राष्ट्र शांति पदक से सम्मानित किया जा चुका है।