गोरखपुर। गोरखपुर में भाजपा की क्षेत्रीय, जिला और महानगर इकाई की तरफ से शनिवार को साधु-संतों को सम्मानित किया गया। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का आशीर्वाद भी मांगा है। भाजपा की इस पहल का साधु-संतों ने खुले मन से तारीफ की और मिशन 2022 में सफलता का आशीर्वाद दिया। भाजपाइयों ने संत रविदास मंदिर, जटाशंकर गुरुद्वारा जाकर सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया है। गुरु पूर्णिमा पर भाजपा नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता शनिवार को मठ-मंदिर गए। प्रदेश महामंत्री व क्षेत्रीय प्रभारी अनूप गुप्ता और क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह की अगुवाई में गोरक्षपीठाधीश्वर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सम्मानित किया गया। जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह सैंथवार, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, क्षेत्रीय महामंत्री प्रदीप शुक्ला ने भी अभिनंदन किया। इससे पहले क्षेत्रीय अध्यक्ष ने महादेव झारखंडी मंदिर में साधु संतों का अभिनंदन किया। यहां मनोनीत पार्षद जुगनू सिंह, प्रदीप शुक्ला, मीडिया प्रभारी डॉ बच्चा पांडेय नवीन, अंबिकेश दुबे ने भी साधु -संतों का अभिनंदन करके आशीर्वाद लिया। बेतियाहाता स्थित हनुमान मंदिर, गोरखनाथ स्थित हनुमान मंदिर, हट्टी माई मंदिर के भी साधु संतों का सम्मान किया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ सतेंद्र सिन्हा, विश्वजीतांशु सिंह आशु, महामंत्री ब्रजेश मणि मिश्र, रणविजय सिंह, अजय श्रीवास्तव मौजूद रहे।