दो करोड़ हुई व्हाट्सएप पे उपयोगकर्ताओं की संख्या

नई दिल्ली। डिजिटल पेमेंट सेवा व्हाट्सएप पे के उपयोगकर्ताओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक इस सेवा का उपयोग करने वाले यूजर्स दो करोड़ हो चुके हैं। इसके साथ ही इस सीमा तक पहुंचने के बाद डिजिटल पेंमेंट नियामक भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम ने कंपनी को यह सीमा दोगुना करने की मंजूरी भी दे दी है। यानी अब व्हाट्सएप पे यूजर लिमिट को दो करोड़ से बढ़ाकर चार करोड़ कर सकती है। डिजिटल पेमेंट कारोबार में बढ़ेगी प्रतिस्पर्धा:- एनपीसीआई द्वारा व्हाट्सएप पे को उपयोगकर्ताओं की संख्या बढ़ाने की मंजूरी देने के बाद डिजिटल पेमेंट कारोबार में प्रतिस्पर्धा और बढ़ जाएगी। अब इससे व्हाट्सएप को इस क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों गूगल पे, फोनपे और पेटीएम से मुकाबला करने का मौका मिलेगा। अभी तक आधिकारिक पूष्टि नहीं:- बता दे कि रिपोर्ट के अनुसार, व्हाट्सएप ने नियामक द्वारा निर्धारित आंकड़े को हासिल कर लिया है। यूपीआई आधारित डिजिटल पेमेंट सेक्टर में उतरने के बाद नियामक ने व्हाट्सएप के लिए दो करोड़ उपयोगकर्ताओं की सीमा तय की थी। अब इसे पाने के बाद उसे उपयोगकर्ता दो करोड़ से बढ़ाकर चार करोड़ तक करने की अनुमति दी गई है। हालांकि फिलहाल तक इस संबंध में डिजिटल पेमेंट नियामक और व्हाट्सएप की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की गई है। भारत में बढ़ रहे व्हाट्सएप उपयोगकर्ता:- भारत में व्हाट्सएप उपयोगकर्ताओं की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। हालांकि बीते दिनों प्राइवेसी पॉलिसी के चलते इसके उपयोगकर्ता कम हुए थे और वे दूसरे विकल्प तलाश रहे थे। लेकिन इस हालिया रिपोर्ट को देखें तो अभी भी व्हाट्सएप उपयोगकर्ता इसे सबसे पसंदीदा माध्यम मान रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अकेले भारत में ही व्हाट्सएप के 50 करोड़ से अधिक उपयोगकर्ता हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *