हेलीकाप्टर क्रैश: ग्रुप कैप्टन वरूण सिंह के निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्‍ली। कुन्नूर हेलीकाप्टर हादसे में गंभीर रूप से घायल ग्रुप कैप्टन वरूण सिंह के निधन की खबर मिलते ही पूरे देश में शोक व्‍यापत है। सभी देशवासी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे थे, लेकिन बुधवार को वरूण सिंह जिंदगी की जंग हार गए। बता दें कि पिछले एक हफ्ते से कमांड अस्पताल, बेंगलुरू में उनका इलाज चल रहा था। बीती 8 दिसंबर को कुन्नूर की नीलगिरि पहाड़ियों में एमआई17 वी5 हेलीकाप्टर क्रैश हो गया था। जिसमें सीडीएस जनरल बिपिन रावत और 12 अन्य लोगों की मौत हो गई थी।

भारतीय वायुसेना ने ट्वीट कर ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन की खबर दी थी। जिसके बाद  राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन पर राष्ट्रपति के ट्विटर अकाउंट पर लिखा गया कि यह जानकर दुख हुआ कि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह ने जीवन के लिए संघर्ष करने के बाद आज अंतिम सांस ली। हेलीकाप्टर दुर्घटना में बुरी तरह घायल होने के बावजूद उन्होंने वीरता और अदम्य साहस का परिचय दिया, राष्ट्र उनका आभारी है। उसके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।

वहीं पीएम मोदी ने ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया कि ग्रुप कैप्टन वरूण ने गर्व के साथ देश की सेवा की, उनके निधन की खबर से बेहद आहत हूं। राष्ट्र के लिए उनकी समृद्ध सेवा को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदनाएं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया कि आईएएफ पायलट, ग्रुप कैप्टन वरूण सिंह के निधन के बारे में जान कर शब्दों से परे दुख हुआ। वे एक सच्चे योद्धा थे, जो अंतिम सांस तक लड़ते रहे। मेरी गहरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। दुख की इस घड़ी में हम परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।

गृह मंत्री अमित शाह दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया कि कुन्नूर में हेलीकाप्टर दुर्घटना के बाद चोटों से जूझ रहे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। ईश्वर वीर की आत्मा को शांति दे और उनके परिवार को शक्ति प्रदान करे। मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। शांति शांति शांति। भारतीय सेना के आधिकारिक ट्विटर हैंडल ने लिखा कि थल सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे और भारतीय सेना के सभी रैंकों ने ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन पर हार्दिक संवेदना व्यक्त की हैं। 08 दिसंबर 21 को कुन्नूर में दुर्भाग्यपूर्ण हेलीकाप्टर दुर्घटना के बाद आज सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने ट्वीट किया कि तमिलनाडु हेलीकाप्टर हादसे में घायल ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह जी के उपचार के दौरान मृत्यु के समाचार से आहत हूं। उनकी वीरता और देश के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। दुःख की इस घड़ी में पूरा देश उनके परिवार के साथ है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *