महाराष्ट्र में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और पिकअप वैन की टक्कर में 7 की मौत, 21 लोग गंभीर

maharashtra: महाराष्ट्र के अमरावती में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बुलढाणा जिले के शेगांव से मां दुर्गा की मूर्ति लेकर वर्धा जिले जा रहे थे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन को ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई और 21 लोग घायल हो गए हैं। हादसा धामणगांव के चैनल 97 के पास हुआ। घायलों में से चार-पांच लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह यह हादसा धामणगांव रेलवे के पास समृद्धि महामार्ग के चैनल नंबर 97 पर हुआ। पिकअप में सवार लोग शेगांव से मां दुर्गा की मूर्ति लेकर वर्धा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक और पिकअप के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई।

हादसे में 7 की मौत, 21 लोग घायल
हादसे की सूचना मिलते ही धामणगांव रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय नागरिकों और पत्रकारों की सतर्कता से राहत कार्य तेजी से शुरू किया गया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद मिली। सभी घायलों को धामणगांव ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उपचार कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि चार से पांच घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

बता दें कि इस हादसे में कुल 21 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 14 से 15 लोग मामूली रूप से घायल हैं और फिलहाल आउट ऑफ डेंजर बताए जा रहे हैं।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस
हादसे की जानकारी मिलते ही अमरावती ग्रामीण एसपी निकेतन कदम और धामणगांव की नगराध्यक्ष अर्चना रोठे भी अस्पताल पहुंचीं और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच की जा रही है। समृद्धि महामार्ग पर हुए इस भीषण हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *