दिल्‍ली समेत कई राज्‍यों में बारिश के आसार

नई दिल्‍ली। कई राज्यों में लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। घर में पंखा, कूलर, एसी होने के बावजूद लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। गर्मी से निजात पाने के लिए लोग बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। मौसम विभाग के  मुताबिक, आज दिल्ली में बारिश हो सकती है। आकाश में बादल छाए हुए हैं। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहेगा।

यूपी के कई जिलों में बदला मौसम का मिजाज:-
यूपी के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। शनिवार की सुबह हल्की बारिश ने लखनऊ वासियों को भीषण उमस जैसी स्थिति से कुछ राहत दी । आकाश में हल्के बादल अभी भी छाए हुए हैं लेकिन आगामी तीन-चार दिनों में फिर से उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

इसके अलावा नोएडा में भी बादल छाए हुए हैं और हवा चल रही है। गाजियाबाद में बादलों का असर दिखने लगा है। इस कारण धूप से लोगों को निजात मिलती दिख रही है। वाराणसी के लोगों को अभी उमस भरी गर्मी का सामना करना होगा। गोरखपुर में बादल छाए हैं और धूप का असर खत्म हुआ है। इससे लोगों को काफी राहत मिली है।

बिहार में मानसून ने बदली चाल:-
बिहार के लोगों को भी बारिश का बेसब्री से इंतजार है। बारिश की कमी के चलते कई जिलों में सामान्य से अधिक तापमान का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की ट्रफ लाइन राज्य के किसी भी हिस्से से नहीं गुजर रही है। इस वजह से प्रदेश में उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हो रही है। मौसम विज्ञानी की मानें तो अगले सप्ताह तक कुछ ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी।

मध्यप्रदेश में बारिश के आसार:-
अगले 24 घंटे के लिए मौसम विभाग का अनुमान है कि, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, भोपाल, रीवा, सागर, शहडोल, जबलपुर, चंबल, ग्वालियर संभागों के जिलों में अनेक स्थानों पर वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट के मुताबिक भोपाल, नर्मदापुरम संभागों के जिलों में तथा बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, धार, देवास, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी जिलों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश की संभावना है।

वहीं यलो अलर्ट के मुताबिक अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, सागर एवं दमोह जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, भोपाल, ग्वालियर, चंबल, सागर, जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में तथा सतना जिले में कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

कई राज्यों में लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। घर में पंखा, कूलर, एसी होने के बावजूद लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। गर्मी से निजात पाने के लिए लोग बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। मौसम विभाग के  मुताबिक, आज दिल्ली में बारिश हो सकती है। आकाश में बादल छाए हुए हैं। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *