सुरक्षाबलों का आतंक विरोधी अभियान

नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस पर देश में बड़े पैमाने पर आतंकवादी हमले करने की साजिश में शामिल चार आतंकवादियों को गिरफ्तार कर भारतीय सुरक्षाबलों ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। खास बात यह है कि गिरफ्तार आतंकवादियों के तार सीधे पाकिस्तान से जुड़े हैं। जो यह दर्शाता है कि पाकिस्तान कभी सुधरने वाला नहीं है।

पाकिस्तान लगातार सीमा पार से घुसपैठ कराकर भारत को अस्थिर करने की कोशिश में लगा रहता है। हालांकि उसके भेजे आतंकवादियों को सुरक्षाबल उनके अंजाम तक पहुंचा रहे हैं जिससे पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। अब वह देश के विभिन्न राज्यों में अपनी पैठ बना रहा है। यही कारण है कि विभिन्न प्रदेशों से आतंकवादी गिरफ्तार किए जा रहे हैं।

तीन आतंकवादी पंजाब से जहां गिरफ्तार किए गए, वहीं आतंक निरोधक दस्ते (एटीएस) ने आतंकी संघटन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के माड्यूल सबाउद्दीन आजमी को आजमगढ़ से गिरफ्तार कर प्रदेश में बड़े आतंकी हमले की साजिश को नाकाम कर दिया है। सबाउद्दीन लगभग दो वर्षों से आतंकी संघटन के सक्रिय सदस्यों से सीधे सम्पर्क में था और वह राजनीति में भी घुसपैठ की फिराक में था।

एटीएस ने उसके पास से बम बनाने के उपकरण, अवैध शस्त्र और कारतूस बरामद किया है। इनका राजनीति में आना भारतीय लोकतंत्र के लिए गम्भीर खतरा है,  इसलिए राजनीतिक दलों को अपने सदस्यों की गहन छानबीन करनी चाहिए उसके बाद उनको सदस्य बनाया जाना चाहिए।

देश के सुरक्षाबलों को विभिन्न राज्यों में इनके खिलाफ अभियान चलाना चाहिए जिससे वह किसी भी साजिशमें सफल न हो सके। केवल उत्तर प्रदेश और पंजाब ही नहीं, अन्य राज्यों में भी इनकी पहचान करने के लिए व्यापक अभियान चलाने की जरूरत है। इसके साथ ही सीमा पार से होने वाली घुसपैठ को भी रोकना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *