5G सेवा की मदद से देश के टेक्नोलॉजी सेक्टर में आएगी क्रांति: पीएम मोदी

नई दिल्‍ली। इंडिया मोबाइल कांग्रेस के छठे एडिशन में पीएम मोदी ने 5जी सर्विस का शुभारंभ किया। पहले फेज में 13 शहर अहमदाबाद, बेंगलुरु, चंडीगढ़, चेन्नई, दिल्ली, गांधीनगर, गुरुग्राम, हैदराबाद, जामनगर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई और पुणे में 5G कनेक्टिविटी की शुरुआत होगी। इसके बाद 5जी को देश के हर हिस्से में पहुंचाया जाएगा। IMC 2022 कार्यक्रम चार अक्‍टूबर तक चलने वाला है।

5जी सर्विस लॉन्‍च होने के अवसर पर पीएम मोदी ने कहा, 21वीं सदी की सबसे बड़ी शक्ति का आगाज हुआ। इससे देश के टेक्नोलॉजी सेक्टर में क्रांति आएगी। तकनीकी क्षेत्र में भारत किसी पर निर्भर नहीं रहेगा। डिजिटल इंडिया देश के विकास का विजन है। देश में 5G सेवा की मदद से इंटरनेट की स्पीड 10 गुना बढ़ जाएगी और बच्चे नए युग का हिस्सा बनेंगे।

पीएम मोदी ने कहा, मैं आज पूरे दिल से कह सकता हूं कि भारतीय दूरसंचार उद्योग के रूप में, हमने जो प्रदर्शित किया है, उसपर मुझे बहुत गर्व है। सीओएआई और डीओटी दोनों से मैं कह सकता हूं कि अब हम नेतृत्व को तैयार हैं और भारतीय मोबाइल कांग्रेस को अब एशियन मोबाइल कांग्रेस और ग्लोबल मोबाइल कांग्रेस बन जाना चाहिए।

पीएम मोदी ने कहा, भारत में 5G का रोलआउट भारत के दूरसंचार इतिहास में कोई सामान्य घटना नहीं है। यह 140 करोड़ भारतीयों की उम्मीदों और उच्च आकांक्षाओं को अपने कंधे पर उठाए हुए है। 5जी के साथ, भारत सब का डिजिटल साथ और सब का डिजिटल विकास की दिशा में मजबूत कदम उठाएगा।

भारत ने भले ही थोड़ी देर से शुरुआत की हो, लेकिन हम दुनिया की तुलना में उच्च गुणवत्ता वाली और अधिक किफायती 5G सेवाओं को शुरू करेंगे। आज, मैं दिसंबर 2023 तक हमारे देश के हर शहर, हर तालुका और हर तहसील में 5G पहुंचाने की Jio की प्रतिबद्धता को दोहराना चाहता हूं। Jio की अधिकांश 5G भारत में विकसित की गई है, इसलिए आत्मानिर्भर भारत की मुहर इसपर लगी है।

पीएम मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, आज की तेजी से बदलती दुनिया में भारत को शीर्ष पर चढ़ने से कोई रोक नहीं पाएगा। इस स्थान पर हमारा अधिकार है। भारत और भारतीय इससे कम पर समझौता नहीं कर सकते। चौथी औधोगिक क्रांति का नेतृत्व भारत करेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने IMC 2022 को संबोधित करते हुए कहा, टेक्नोलॉजी एक नशा है, इसका इस्तेमाल सही तरीके से करें। आज देश के 200 से अधिक मोबाइल बनाने वाली कंपनियां हैं। पहले हम मोबाइल का आयात कर रहे थे और आज निर्यात कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *