जानें मौसम का हाल…

नई दिल्ली। आज देश के कुछ राज्यों में बारिश होने की संभावना है। इसके चलते रावण दहन के कार्यक्रमों पर असर पड़ सकता है। रावण गिला होने से उसके दहन में भी परेशानी हो सकती है।

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, बिहार, यूपी, दिल्ली एनसीआर, हरियाणा समेत कुछ राज्यों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार दक्षिण महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, पुडुचेरी में भी बारिश के आसार हैं।

दिल्ली एनसीआर में हल्की बारिश के आसार:-
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी दिल्ली व एनसीआर में भी आज हल्की बारिश हो सकती है। देश के कई राज्यों में बीते 24 घंटों में बादलों ने डेरा डाल दिया है और तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज हुई है। दिल्ली समेत अधिकतर राज्यों से मानसून की विदाई हो चुकी है। इसलिए अब होने वाली बारिश शीतकालीन वर्षा मानी जाएगी।

चार माह का वर्षाकाल 30 सितंबर को खत्म हो चुका है। चौमासे में देश के अधिकतर राज्यों में औसत से अधिक बारिश दर्ज हुई। हालांकि यूपी, बंगाल, पंजाब, झारखंड, बिहार के कुछ हिस्सों में औसत से कम वर्षा दर्ज की गई है।

इन राज्यों में बारिश का अनुमान:-

  • निजी मौसम एजेंसी स्कायमेट ने पश्चिम बंगाल, ओडिशा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है।
  • तटीय कर्नाटक, तेलंगाना, विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
  • हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, कर्नाटक, गोवा, केरल, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में छुटपुट बारिश के आसार हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *