UPPSC के अध्यक्ष बने आलोक सिंह, 23 जनवरी 2029 तक रहेगा कार्यकाल

UP News: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) को आखिरकार नया अध्यक्ष मिल गया है. प्रदेश शासन ने पीएसी के महानिदेशक आलोक सिंह को UPPSC, प्रयागराज का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है. इस संबंध में कार्मिक अनुभाग-4 के विशेष सचिव असीम कुमार सिंह की ओर से गुरुवार को आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर दी गई.

राज्यपाल ने अनुच्छेद 316 के तहत की नियुक्ति

आधिकारिक आदेश के अनुसार, राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 316 के खंड (1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह नियुक्ति की है. आलोक सिंह का कार्यकाल उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से 23 जनवरी, 2029 तक रहेगा. शासन की ओर से नियुक्ति आदेश की प्रतिलिपि महालेखाकार (प्रयागराज), राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी, आयोग के सचिव और कोषाधिकारी प्रयागराज को भेज दी गई है. साथ ही निदेशक, मुद्रण एवं लेखन सामग्री को इस विज्ञप्ति को राजकीय गजट में प्रकाशित करने के निर्देश भी दिए गए हैं.

कौन हैं आलोक सिंह? जानिए उनका बैकग्राउंड

आलोक सिंह 1995 बैच के IPS अधिकारी हैं. यूपी कैडर के इस अधिकारी की पहचान शुरू से ही एक सख्त, ईमानदार और रिजल्ट देने वाले अफसर की रही है. जहां भी तैनात हुए, कानून-व्यवस्था को लेकर उनकी कार्यशैली की चर्चा हुई.

नोएडा के पहले पुलिस कमिश्नर बने

आलोक सिंह के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट तब आया, जब गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू हुई.आलोक सिंह को नोएडा का पहला पुलिस आयुक्त बनाया गया. उस समय नोएडा में क्राइम, बिल्डर विवाद और ट्रैफिक जैसी बड़ी चुनौतियां थीं. उन्होंने कमिश्नरेट सिस्टम को जमीन पर उतारने में अहम भूमिका निभाई. यही वजह है कि उन्हें सिस्टम बिल्डर अफसर भी कहा जाता है.

कानपुर जोन के ADG रहे

नोएडा के बाद उन्हें कानपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) की जिम्मेदारी दी गई. कानपुर जोन यूपी के सबसे संवेदनशील जोनों में गिना जाता है. यहां उन्होंने कानून-व्यवस्था को संभालने के साथ-साथ पुलिसिंग में कई सुधार किए.

एयर इंडिया में भी संभाली सुरक्षा

बहुत कम लोगों को पता है कि आलोक सिंह प्रतिनियुक्ति पर एयर इंडिया लिमिटेड में सुरक्षा निदेशक के पद पर भी रह चुके हैं. वहां उन्होंने एविएशन सिक्योरिटी जैसे बेहद संवेदनशील विभाग को संभाला. यह अनुभव उन्हें बाकी अफसरों से अलग करता है.

PAC और SSF के DG बने

1 मई 2026 को DG पद पर पदोन्नत होने के बाद 21 मई 2026 से उन्हें PAC मुख्यालय और SSF के DG की जिम्मेदारी दी गई. पीएसी यूपी पुलिस की सबसे बड़ी सशस्त्र फोर्स है, जिसका इस्तेमाल चुनाव, दंगा और आपदा के समय होता है.

इसे भी पढ़ें:-25,000 वोल्ट के नीचे दौड़ती है ट्रेन, फिर भी बारिश में यात्रियों को नहीं लगता करंट? जानें सीक्रेट सिस्टम