दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली। उत्तर भारत में हल्की ठंड धीरे-धीरे दस्तक दे रही है तो कुछ राज्यों में बारिश फिर लौट आई है। मौसम विभाग ने दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसकी वजह से 12 से 13 नवंबर के बीच प्रायद्वीपीय भारत में भारी बारिश हो सकती है।

जानकारी के अनुसार, मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल में भारी से भारी बारिश की संभावना जताई है। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुदुचेरी, श्रीलंका तटों, मन्नार की खाड़ी व आसपास के तटीय क्षेत्रों में मछुआरों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। उनसे कहा गया है कि इस बीच वह समुद्र के करीब न जाएं। तमिलनाडु में चेन्नई समेत कम से कम 26 जिलों में स्कूल और कॉलेज के छात्रों के लिए छुट्टी घोषित कर दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दिल्ली में 16 नवंबर से कोहरा दस्तक दे सकता है। इसी के साथ ही साथ हल्की ठंड भी बढ़ेगी। वैज्ञानिकों ने जानकारी दी है कि, आज दिल्ली में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तो अधिकतम 29 डिग्री होने की संभावना है। पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में दिन व रात के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

यूपी में भी बदलेगा मौसम का मिजाज:-  
इसके अलावा उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदलना शुरू होगा। मौसम विभाग के अनुसार गाजियाबाद व नोएडा में आने वाले दिनों में कोहरा छाना शुरू होगा। यहां के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *