मिक्स वेजिटेबल सूप से करें दिन की हेल्दी शुरुआत…

रेसि‍पी। हर कोई चाहता है कि उसके दिन की शुरुआत हेल्‍दी नाश्‍ते से हो। हेल्दी शुरुआत करने के लिए मिक्स वेजिटेबल सूप एक बेहतरीन विकल्प है। मिक्स वेजिटेबल सूप न सिर्फ स्वाद से भरपूर होता है बल्कि इसमें काफी पोषक तत्व भी मौजूद होते हैं। सर्दियों में अगर आप ब्रेकफास्ट के साथ मिक्स वेजिटेबल सूप लेते हैं तो ये आपको दिनभर एनर्जेटिक बनाए रखने में भी मददगार साबित हो सकता है। ज्यादातर लोग लंच या डिनर से पहले सूप पीना पसंद करते हैं लेकिन आप वजन को लेकर सतर्क हैं तो मिक्स वेजिटेबल सूप को सुबह नाश्ते के साथ भी ले सकते हैं।
मिक्स वेजिटेबल सूप बनाने में कई तरह की सब्जियों का प्रयोग किया जाता है। आप भी अगर मिक्स वेजिटेबल सूप पीना पसंद करते हैं तो इसे आसानी से घर पर बना सकते हैं। आइए जानते हैं मिक्स वेजिटेबल सूप बनाने की आसान विधि-

मिक्स वेजिटेबल सूप बनाने के लिए सामग्री:-
हरा पत्तेदार प्याज कटा – 2 टेबलस्पून
गाजर कटी – 1
बीन्स कटी – 5-6
शिमला मिर्च कटी – 1/2
पत्तागोभी कटी – 2-3 टेबलस्पून
लहसुन पुत्थी कटी – 3
मटर – 2 टेबलस्पून
स्वीट कॉर्न – 2 टेबलस्पून
मिक्स्ड हर्ब्स – 1/2 टी स्पून
चिली फ्लेक्स – 1/2 टी स्पून
काली मिर्च पाउडर – 1/2 टी स्पून
अदरक कटा – 1 इंच टुकड़ा
विनेगर – 1 टेबलस्पून
कॉर्न फ्लोर – 1 टी स्पून
तेल – 3 टी स्पून
नमक – स्वादानुसार

मिक्स वेजिटेबल सूप बनाने की विधि:-
मिक्स वेजिटेबल सूप बनाने के लिए सबसे पहले गाजर, लहसुन पुत्थी, हरी प्याज, पत्तागोभी सहित सारी सब्जियों को एक-एक कर बारीक काट लें। इसके बाद एक कड़ाही में तेल डालकर उसे मीडियम आंच पर गर्म करें। जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें कटी लहसुन पुत्थी, अदरक और पत्तेदार प्याज को डालें और सभी चीजों को 1-2 मिनट तक हल्का भून लें।

अब इसमें बारीक कटी बीन्स, गाजर और शिमला मिर्च डालें और सभी सामग्रियों को 1 मिनट तक पकाएं। इसके बाद इसमें बारीक कटी पत्तागोभी, मटर के दाने और स्वीट कॉर्न डालकर लगभग 2 मिनट तक सभी चीजों को भूनें। इसके बाद इसमें 4 कप पानी और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर दें। अब सूप को कड़ाही से ढाककर लगभग 5 मिनट तक अच्छे से पकाएं।

सब्जियों को तब तक पकाते हुए उबालें जब तक कि वे अच्छी तरह से नरम न हो जाएं। इसके बाद छोटी बाउल में 1 टी स्पून कॉर्न फ्लोर डालें और उसमें एक चौथाई कप पानी मिला दें। इसे ठीक से मिक्स करें और इस घोल को सूप में डालकर 3-4 मिनट तक उबालें, जब तक कि सूप गाढ़ा न हो जाए। अब सूप में विनेगर, मिक्स्ड हर्ब्स, चिली फ्लेक्स और काली मिर्च पाउडर मिक्स करें। 1 मिनट तक पकाने के बाद गैस बंद कर दें। टेस्ट और पौष्टिकता से भरपूर मिक्स वेजिटेबल सूप बनकर तैयार है। इसे सर्विंग बाउल में डालें और ऊपर से हरी प्याज के पत्तों से टॉपिंग कर सर्व करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *