सड़क दुर्घटना में क्रिकेटर ऋषभ पंत गंभीर रुप से घायल

रुड़की। भारतीय क्रिकेट के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत कार हादसे का शिकार हो गए हैं। रुड़की के पास उनकी गाड़ी डिवाइडर से जा टकराई और उसमें आग लग गई। फिलहाल उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है। ऋषभ पंत कार से अपने घर जा रहे थे और हादसे के वक्त अकेले थे। रुड़की के नारसन बॉर्डर पर हम्मदपुर झाल के पास उनकी मर्सीडीज कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद कार में आग लग गई और पलट गई। कार में जैसे ही आग लगी उन्हें शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया। उनके सिर और घुटने में चोट आई है। उनकी जान को कोई खतरा नहीं है।

मैक्स अस्पताल किया गया शिफ्ट:-

क्रिकेटर ऋषभ पंत को रुड़की सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मैक्स अस्पताल देहरादून शिफ्ट किया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। देहरादून के मैक्स अस्पताल के डॉक्टर आशीष याग्निक ने बताया- पंत हड्डी रोग विशेषज्ञ और प्लास्टिक सर्जन की निगरानी में हैं। उनकी हालत स्थिर है। उनकी जांच के बाद उनका विस्तृत मेडिकल बुलेटिन जारी किया जाएगा। इसके बाद हम अगला कदम उठाएंगे।

मां को सरप्राइज देने घर जा रहे थे:-  

ऐसा बताया जा रहा है कि पंत मां को सरप्राइज देने घर जा रहे थे। वह गुरुवार को ही दुबई से लौटे थे। नए साल पर पंत का परिवार के साथ घूमने जाने का प्लान था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *