गूगल-अमेजन ने कंपनी छोड़कर जाने वाले कर्मचारियों को 1साल की सैलरी देने का किया वादा

नई दिल्‍ली।  अब गूगल व अमेजन सहित कई बड़ी टेक कंपनियां कर्मचारियों की संख्‍या कम करने के लिए छंटनी की बजाय दूसरा तरीका अपना रही है। खासकर, यूरोप में गूगल और अमेजन कर्मचारियों को स्‍वेच्‍छा से त्‍यागपत्र देने के लिए प्रोत्‍साहित कर रही है। कंपनी छोड़कर जाने वाले कर्मचारियों को एक साल की सैलरी देने का भी लालच दिया जा रहा है।

कुछ यूरोपीय देशों में सख्‍त श्रम कानूनों के चलते, दोनों ही कंपनियां कर्मचारियों की छंटनी नहीं कर पा रही हैं। इन देशों में कंपनियों को कर्मचारियों को निकालने से पहले ‘एम्‍पलाईज इंटरेस्‍ट ग्रुप’ से चर्चा करनी होती है। ये चर्चाएं छंटनी को लंबे समय तक अटका देती हैं। फ्रांस और जर्मनी में गूगल कर्मचारियों की छंटनी के लिए इन ग्रुप्‍स के साथ विचार-विमर्श कर रही हैं। कंपनी ने इंग्‍लैंड में 500 कर्मचारियों की छंटनी करने की योजना बनाई है।

1 साल की सैलरी देने का वादा
एक रिपोर्ट के अनुसार बताया जा रहा है कि  फ्रांस में गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट ने कर्मचारियों से स्वेच्छा से इस्तीफा देने और बदले में अच्छा सेवरेंस पैकेज पाने का ऑफर दिया है। वहीं, अमेजन ने भी 5 से 8 साल से काम कर रहे सीनियर मैनेजर्स को स्‍वेच्‍छा से रिजाइन करने पर एक साल का वेतन देने का ऑफर दिया है। साथ ही इस्‍तीफा देने वाले कर्मचारियों को छुट्टी भी दे रही है ताकि उनके शेयर्स को भुनाकर बोनस दिया जा सके। जर्मनी में अमेजन उन कर्मचारियों को नौकरी से निकाल रही है, जो अभी प्रोबेशन पर हैं। साथ ही इन कर्मचारियों को स्‍वेच्‍छा से नौकरी छोड़ने का विकल्‍प भी दे रही है।

इंग्‍लैंड में होगी छंटनी
इस बार गूगल ने इंग्‍लैंड में कर्मचारियों की छंटनी में कम से कम 500 कर्मचारियों की नौकरी जाना तय माना जा रहा है। इस समय गूगल के इंग्‍लैंड के 8,000 कर्मचारी हैं। इन कर्मचारियों को कंपनी ने सीक्रेट सेवेरेंस पैकेज ऑफर किया है। वहीं, गूगल डबलिन और ज्‍यूरिख्‍ में भी 200 कर्मचारियों को निकालने का प्‍लान बना रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *