Amarnath Yatra: बालटाल बेस कैम्प से फिर शुरू हुई अमरनाथ यात्रा, चॉपर सेवा का भी ले सकेंगे लाभ

Amarnath Yatra  updates: उत्‍तराखंड में बाबा बर्फानी के गुफा के आसपास का मौसम में सुधार होने के बाद गुफा मंदिर के द्वार खोल दिए गए और वहां फंसे श्रद्धालुओं को दक्षिण कश्मीर के हिमालय में प्राकृतिक रूप से निर्मित बर्फ के शिवलिंग के दर्शन की अनुमति दे दी। अधिकारियों के द्वारा इस बात की जानकारी दी गई।

मौसम में सुधार होते ही बालटाल आधार शिविर से अमरनाथ यात्रा आज दिन सोमवार को फिर से शुरू हो गई। वहीं, यात्रियों की सुविधा के लिए चॉपर सेवा भी शुरू कर दी गई है। आपको बता दें कि बड़े पैमाने पर बारिश और भूस्खलन के बाद शुक्रवार को यात्रा स्थगित कर दी गई थी, खासकर दो मार्गों पर – पहला, जो कि अनंतनाग जिले में 48 किलोमीटर लंबा पहलगाम मार्ग और दूसरा, गांदरबल जिले में 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग।  जैसे ही रविवार को मौसम में सुधार हुआ, 6491 तीर्थयात्रियों के एक जत्थे ने अमरनाथ पवित्र गुफा में दर्शन किए। रविवार तक गुफा मंदिर में दर्शन करने वाले 93,929 तीर्थयात्रियों में 4,700 पुरुष, 1,456 महिलाएं, 213 बच्चे, 116 साधु और 6 साध्वियां शामिल थीं।

इससे पहले, जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के कारण तीन दिन तक स्थगित रहने के बाद पंजतरणी और शेषनाग आधार शिविरों से रविवार को फिर से श्रद्धालुओं को यात्रा शुरू करने की इजाजत दे दी गई। जानकारी के मुताबिक, एक जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 93,000 से अधिक तीर्थयात्री दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित बाबा बर्फानी गुफा में पवित्र हिम शिवलिंग के दर्शन कर चुके हैं। बता दें कि अमरनाथ की यात्रा एक जुलाई से शुरू हुई थी जो 31 अगस्त तक चलेगी। वहीं इस बार के अमरनाथ यात्रा में हर वर्ष से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *