गृहमंत्री अमित शाह-नितिन नवीन की मौजूदगी में नीतीश कुमार ने किया राज्यसभा के लिए नामांकन

Patna: बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन भर दिया है. इस मौके पर उनके साथ BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, नित्यानंद राय, सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत कई बड़े नेता मौजूद रहें. बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज (गुरुवार को) ही अपनी सिसायी पारी में बड़े बदलाव का ऐलान कर दिया है. अब वे पटना की पॉलिटिक्स छोड़कर दिल्ली आ रहे हैं.

नामांकन से पहले CM नीतीश कुमार का पोस्ट

नामांकन दाखिल करने से पहले नीतीश कुमार ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं. इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं. आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है. इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है.’

अमित शाह बोले- नीतीश कुमार का कार्यकाल यादगार, दामन पर कोई दाग नहीं

पटना से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का राजनीतिक जीवन बेदाग रहा है और मुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल हमेशा याद रखा जाएगा.अमित शाह ने कहा कि नीतीश कुमार अब राष्ट्रीय राजनीति में नई भूमिका निभाने जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि नीतीश हमेशा जयप्रकाश नारायण (जेपी) के सिद्धांतों पर चलने वाले नेता रहे हैं. गृह मंत्री ने यह भी कहा कि बिहार को जंगलराज से बाहर निकालने और राज्य को विकास की राह पर लाने में नीतीश कुमार की बड़ी भूमिका रही है. उनके नेतृत्व में बिहार में कई बड़े बदलाव हुए हैं. अमित शाह ने कहा कि राज्य में हर घर तक बिजली पहुंचाने जैसे कई महत्वपूर्ण काम भी नीतीश कुमार के कार्यकाल में हुए. उन्होंने बिहार के विकास में उनके योगदान की सराहना की.

कौन होगा बिहार का अगला मुख्यमंत्री?

CM की रेस में BJP के नित्यानंद राय का नाम सबसे आगे चल रहा है. नित्यानंद राय यादव समुदाय से आने हैं और इस वक्त केंद्र में राज्यमंत्री हैं. बिहार चुनाव के दौरान सीटों के बंटवारें में इनकी बड़ी भूमिका रही थी. वहीं, दूसरा नाम सम्राट चौधरी का है. कुशवाहा समुदाय से आने वाले सम्राट चौधरी बिहार में बीजेपी का बड़ा चेहरा है और तीसरा नाम हर बार की तरह चौकाने वाला हो सकता है. बीजेपी अति-पिछड़ा से आने वाली किसी महिला पर दांव लगाकर सीएम बना सकती है. इसके अलावा भी कुछ चेहरे हैं जो सीएम की रेस में चल रहे हैं. लेकिन एमपी, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की तरह बीजेपी आलाकमान यहां भी चौंका सकती है.

बिहार की नई सरकार का ऐसे होगा गठन

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के साथ ही बिहार की राजनीति में उनके बेटे निशांत कुमार की एंट्री होने जा रही है. सूत्रों की मानें तो निशांत कुमार को जेडीयू कोटे से एमएलसी बनाकर नई सरकार में डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है. जेडीयू निशांत को नीतीश का सियासी उत्तराधिकारी घोषित करना चाहती है. इसके पीछे सबसे बड़ा मकसद नीतीश कुमार के EBC वोटरों को जोड़े रखना है. निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री की खबर सामने आने के बाद से जेडीयू कार्यकर्ताओं को जोश हाई है. कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं. जेडीयू कोटे से 2-2 डिप्टी सीएम बनाए जाने का फॉर्मूला तैयार हुआ है जिसमें एक नाम नीतीश कुमार के बेटे निशांत का भी है. निशांत बिहार के डिप्टी सीएम बन सकते हैं.

राज्यसभा की 37 सीटें भरने के लिए चुनाव

बता दें कि राज्यसभा की 37 सीटें आगामी 2 अप्रैल को खाली हो रही हैं. इन सीटों को भरने के लिए ही चुनाव कराए जा रहे हैं, जिसके लिए नामांकन भरने की आज आखिरी तारीख है. 9 मार्च तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं. 16 मार्च को सुबह 9 बजे से 4 बजे तक चुनाव मतदान होगा. 16 मार्च की शाम को ही वोटों की गिनती करके रिजल्ट जारी किया जाएगा. महाराष्ट्र में 7, तमिलनाडु में 6, बिहार और पश्चिम बंगाल में 5-5, ओडिशा में 5, असम में 4, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में 2-2 और हिमाचल प्रदेश में एक सीट के लिए मतदान होगा.

इसे भी पढ़ें:-BSNL में सीनियर एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के पदों पर भर्ती, इस डेट से पहले करें आवेदन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *