सीमा पर पाक आतंकी ढेर, दूसरे की तलाश जारी

Jammu: जम्मू-कश्मीर के राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LOC) के पास घुसपैठ की एक कोशिश को सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया. एक पाकिस्तान समर्थित आतंकी मारा गया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है. अधिकारियों के अनुसार खुफिया एजेंसियों से मिले विश्वसनीय इनपुट के आधार पर मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे नौशेरा के झांगर इलाके में एलओसी (LOC)  के पास दो आतंकियों की संदिग्ध गतिविधि देखी गई. इसके बाद सतर्क सैनिकों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में ऑपरेशन शुरू किया.

दोपहर 3 बजे शुरू हुई हलचल

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की दोपहर करीब 3 बजे झांगर क्षेत्र में नियंत्रण रेखा के पास दो संदिग्ध आतंकियों की गतिविधि देखी गई. खुफिया सूचनाओं के आधार पर जवान पहले से ही हाई अलर्ट पर थे. जैसे ही आतंकियों ने भारतीय सीमा में घुसने का प्रयास किया, वहां तैनात मुस्तैद जवानों ने त्वरित और सटीक जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी. खुद को घिरता देख आतंकियों ने भागने की कोशिश की. इसके बाद जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आतंकवादी को मौके पर ही ढेर कर दिया.

दूसरे आतंकी की तलाश में सघन तलाशी अभियान

मारे गए आतंकवादी का एक साथी अभी भी इलाके में छिपा हो सकता है. घने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र का फायदा उठाकर दूसरा आतंकी वहां से खिसकने में कामयाब रहा. फिलहाल सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है और चप्पे-चप्पे को खंगाला जा रहा है.

इसे भी पढ़ें:-Gold Price Today: आज फिर बढ़े सोने-चांदी के दाम, जानिए क्‍या है आपके शहर में भाव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *