Panaji election 2026: गोवा की राजधानी पणजी की 30 वार्डों वाली सिटी कॉरपोरेशन ऑफ पणजी (CCP) चुनाव के नतीजों की गिनती आज सुबह (शुक्रवार) 8 बजे श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में शुरू हो गई. इससे पहले बीते 11 मार्च को मतदान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हुआ था. शुरुआती रुझानों के अनुसार, बीजेपी को सीसीपी चुनाव में बड़ी जीत मिलती नजर आ रही है.
69.07 प्रतिशत हुआ मतदान
पणजी नगर निगम चुनाव में 69.07 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ था. सबसे ज्यादा वोटिंग टर्नआउट वार्ड 23 में रहा था, जहां 81.94 प्रतिशत वोट पड़े थे. पणजी नगर निगम चुनाव में कुल 69 कैंडिडेट मैदान में थे और 48 मतदान केंद्रों पर पारंपरिक बैलेट पेपर से वोटिंग कराई गई थी. यहां 10 वार्ड महिलाओं के लिए, 8 वार्ड OBC और 1 वार्ड ST के लिए रिजर्व हैं.
पहले चुनाव में हुई थी बंपर जीत
इससे पहले 20 मार्च 2021 को हुए पणजी नगर निगम चुनाव में बाबुश मोनसेराट की लीडरशिप वाले बीजेपी समर्थित पैनल ने 30 में से 25 वार्ड जीते थे. तब मतदान प्रतिशत लगभग 70.19 फीसदी रहा था. बाकी सभी वार्ड निर्दलीय और विपक्ष समर्थित उम्मीदवारों ने हासिल किए थे. माना जा रहा है कि यह इलेक्शन, 2021 की राजनीतिक बढ़त को आगे बढ़ा सकता है, लेकिन विपक्षी एकता और ज्यादा वोटिंग की वजह से कुछ वार्डों में परिणाम बदलने की संभावना है. इन नतीजों का प्रभाव आने वाले वक्त में गोवा की शहरी नीतियों और राज्य की सियासत पर भी पड़ सकता है.
2026 के नतीजों पर क्यों रहेगी नजर?
इस बार विपक्ष संगठित है और मतदान भी उत्साहजनक रहा है. ऐसे में कई वार्डों में करीबी मुकाबला होने की संभावना है. ये परिणाम CCP की नई नेतृत्व दिशा तय करेंगे और संभावित रूप से गोवा विधानसभा चुनावों पर भी असर डाल सकते हैं. चूंकि BJP की ऐतिहासिक बढ़त मजबूत रही है, लेकिन इस बार अधिक वोटिंग और विपक्षी एकता कई वार्डों में समीकरण बदल सकती है.
इसे भी पढ़ें:-PM मोदी आज जारी करेंगे किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त, 9 करोड़ से ज्यादा किसानों को होगा फायदा