PM मोदी से मिले CM मोहन यादव, किसानों के हित में हो रहे काम की दी जानकारी

New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नई दिल्ली में सौजन्य भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री मोदी को प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी दी. साथ ही राज्य में किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों तथा प्रदेश की प्रगति से भी अवगत कराया.

16 विभागों की दी जानकारी 

सीएम मोहन यादव ने कहा ‘हमारी सरकार प्रधानमंत्री द्वारा विभाजित चारों श्रेणियों जिसमें किसान, महिलाएं, गरीब और युवा के लिए काम कर रही है. हम ‘किसान कल्याण वर्ष’ को बहुत अच्छे ढंग से मना रहे हैं. हम पशुपालन, मत्स्य पालन, बागवानी, कृषि आदि जैसे लगभग 16 विभागों को मिलाकर अच्छा काम कर रहे हैं. मुझे खुशी है कि प्रधानमंत्री ने हमारे काम को आगे बढ़ाने के लिए अपना आशीर्वाद दिया है और भविष्य में इसके परिणाम भी अच्छे होंगे.’ बता दें कि एमपी सरकार ने हाल ही में बड़वानी जिले में कृषि कैबिनेट की बैठक आयोजित की थी. इसकी जानकारी भी सीएम मोहन ने पीएम मोदी को दी है. 

पीएम मोदी के बताए मार्ग पर हो रहा काम

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के समग्र विकास के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए काम कर रही है और मध्यप्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य के समन्वय से प्रदेश में निवेश, रोजगार और किसान कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल होंगी.

सांसदों से की चर्चा

गौरतलब है कि, नई दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संसद भवन का भ्रमण भी किया और विभिन्न सांसदों से मुलाकात कर मध्य प्रदेश के विकास, केंद्र-राज्य समन्वय तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता के हित में विकास कार्यों को और गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा किसान कल्याण वर्ष के माध्यम से कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें:-भारत का अनोखा रेलवे स्टेशन, जहां 4 भाषाओं में होती है अनाउंसमेंट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *