Singrauli: मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई बड़ी बैंक डकैती ने न सिर्फ जिले बल्कि पूरे प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बैढ़न इलाके में स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में घुसकर करोड़ों रुपये के सोने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के वक्त बैंक का सुरक्षा गार्ड मौके पर मौजूद नहीं था. इस चूक का फायदा उठाकर बदमाश महज 15 से 20 मिनट में घटना को अंजाम देकर फरार हो गए.
ग्राहकों के करीब 10 किलो सोना लूटा
जानकारी के मुताबिक दो बाइकों पर आए बदमाशों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से बैंक में एक फायर भी किया. बैंक मैनेजर से तिजोरी की चाबियां मांगीं. जब मैनेजर ने आनाकानी की तो बंदूक की बट से उनके सिर पर वार किया. इसके बाद वहां गिरवी रखे ग्राहकों के करीब 9 से 10 किलो सोने को अपने कब्जे में ले लिया. इसके साथ ही 20 लाख रुपये कैश भी लूट लिया. बताया जा रहा है कि लूटा गया सोना ग्राहकों का था, जिसे बैंक ने गोल्ड लोन के तहत गिरवी रखा था.
बैंक में जान बचाते नजर आए लोग
घटना के दौरान बैंक के अंदर अफरा-तफरी मच गई. लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर छिपते नजर आए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पूरे इलाके की घेराबंदी की गई. आरोपियों की तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हो गई हैं. पुलिस अलग-अलग टीम बनाकर आरोपियों की तलाश में जुट गई है.
देर रात डीजीपी भी मौके पर पहुंचे
मुख्यमंत्री के निर्देश पर रात करीब 10 बजकर 45 मिनट पर डीजीपी कैलाश मकवाना सिंगरौली पहुंचे. इससे पहले रीवा रेंज के आईजी साकेत प्रसाद पांडे भी मौके पर पहुंचे. रीवा से फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
इसे भी पढ़ें:-धूप में घूमते-घूमते गायब हो जाती है एनर्जी? ये काम करेंगे तो दिनभर रहेंगे एक्टिव