GDP growth 2025-26: GDP के ताजा आंकड़ों से वित्त वर्ष 2025-26 में मजबूत बढ़ोतरी का संकेत मिलने पर पीएम मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने खुशी जताई है। जहां PM मोदी ने कहा कि आर्थिक विकास की यह रफ्तार हर भारतीय को गर्व से भर देती है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लिखा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की आर्थिक रफ्तार को बनाए रखने के लिए हमारी सरकार सुधारों को जारी रखेगी।
रंग ला रहा 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक प्रयास
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वैश्विक संकट के इस दौर में 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक कोशिशों से भारत खुद को संभाल भी रहा है और सबसे आगे रहने के उसके प्रयास कामयाब भी हो रहे हैं। देश की विकास गति को लेकर आज आए आंकड़े भी इसकी गवाही दे रहे हैं।
वास्तविक जीडीपी को लेकर वित्त मंत्री ने जताई खुशी
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2025-26 में वास्तविक जीडीपी में 7.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी का अनुमान लगाया है। वित्त वर्ष 2025-26 में वास्तविक सकल मूल्य में अनुमानित 7.9 फीसदी की वृद्धि हुई है। वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में वास्तविक जीडीपी और वास्तविक सकल मूल्य में क्रमशः 7.8% और 7.9% की वृद्धि का अनुमान है।’
मैन्युफैक्चरिंग समेत इन क्षेत्रों में तेजी से हो रहा काम
निर्मला सीतारमण ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि विशेष रूप से, मैन्युफैक्चरिंग, ट्रेड, रिपेयर, होटल, ट्रांसपोर्ट, संचार और प्रसारण से संबंधित सेवाएं, स्टोरेज और फाइनेंशियल, रियल एस्टेट और पेशेवर सेवाएं क्षेत्रों ने वित्त वर्ष 2025-26 में स्थिर और वर्तमान दोनों कीमतों पर दोहरे अंकों की वृद्धि दर्ज की है।