West bengal: पश्चिम बंगाल में बीरभूम जिले में तारापीठ मंदिर के पास एक प्राइवेट होटल में भीषण आग लगने की खबर सामने आ रही है. जिसमें अभी तक सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे की जानकारी मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. घायलों को रेस्क्यू कर रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज और अन्य अस्पताल में भर्ती कराया है.
AC में आग लगने से पूरे होटल में फैली आग
जानकारी के मुताबिक, बीरभूम के तारापीठ के पास चार मंजिला होटल के ग्राउंड फ्लोर पर सुबह करीब 5 बजे आग लगी, इस दौरान होटल के अंदर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सो रहे थे. आग AC में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी. जिसके बाद धीरे-धीरे पूरे होटल में फैल गई. होटल और उसके आस-पास का इलाका धुएं से भर गया. कुछ लोगों की आग में दम घुटने से मौत हो गई, जबकि कुछ लोग जलकर जिंदा मर गए. मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.
मरने वालों में तीर्थयात्री शामिल
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया. घायलों को रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल के सूत्रों ने शुरुआत में बताया था कि आग की घटना में पांच लोगों की मौत हुई है. हालांकि, बाद में पुलिस ने सात लोगों की मौत होने की जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मरने वालों में कुछ तीर्थयात्री भी शामिल थे, जो मशहूर काली मंदिर में पूजा करने के लिए शहर आए थे.
इसे भी पढ़ें:-यूपी-बिहार समेत 10 राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं