Bihar: पवित्र सावन महीने की तीसरी सोमवारी पर लखीसराय जिले के अशोक धाम मंदिर परिसर के समीप भगदड़ मचने से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि मंदिर में तीसरी सोमवारी पर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे। हादसे में मरने वाले श्रद्धालुओं में सभी महिलाएं ही हैं। इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिजली के पोल में करंट फैलने की अफवाह
जानकारी के मुताबिक, अशोक धाम मंदिर में 50 हजार श्रद्धालु तीसरी सोमवारी पर जलाभिषेक करने के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान बिजली का पोल गिरने के कारण करंट फैलने की अफवाह फैल गई, जिसके कारण लोग करंट से बचने के लिए इधर-उधर भागले लगे। हादसे में कई लोग जख्मी हो गए। कई एक-दूसरे के नीचे दब गए। सूचना पर पहुंची प्रशासन की टीम रेस्क्यू अभियान चला रही है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने जताया दुख
राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “बिहार के लखीसराय जिले में भगदड़ की दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. मैं शोक-संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं.”
पीएम मोदी ने जताया शोक
पीएम मोदी की ओर से पीएमओ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “बिहार के लखीसराय में भगदड़ से हुई मौतों से दुखी हूं. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायल लोग जल्द स्वस्थ हों. स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है.”