Arun Jaitley Death Anniversary: पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री और ‘पद्म विभूषण’ अरुण जेटली की आज 24 अगस्त को पुण्यतिथि है. इस अवसर पर पूरा देश उन्हें याद कर रहा है. इसी कड़ी में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अरुण जेटली को श्रद्धांजलि अर्पित की है.
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पोस्ट किया, “देश की उन्नति व जनसेवा को समर्पित अरुण जी का जीवन सदैव ही हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत बना रहेगा।” केंद्रीय विद्युत और आवास व शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने लिखा, “बहुमुखी प्रतिभा के धनी, ओजस्वी वक्ता व अद्वितीय कानूनविद्, भाजपा परिवार के आधारस्तम्भ रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री और ‘पद्म विभूषण’ अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”
सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि सशक्त राष्ट्र के निर्माण में उनका योगदान व उनके प्रखर विचार सदैव अविस्मरणीय और प्रेरणादायक रहेंगे।
सीएम मोहन यादव ने दी श्रद्धांजलि
मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने लिखा, “भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पद्म विभूषण अरुण जेटली जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. उनके प्रखर विचार, ओजस्वी वाणी एवं राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण भावी पीढ़ियों को सदैव देश भक्ति की प्रेरणा देते रहेंगे.”
सीएम रेखा गुप्ता ने दी श्रद्धांजलि
रेखा गुप्ता ने लिखा, “दिल्ली अरुण जेटली की कर्मभूमि रही। यहां के कार्यकर्ताओं और जनमानस से उनका आत्मीय संबंध आज भी अनेक स्मृतियों में जीवंत है। संगठन, सुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव प्रेरणा देता रहेगा।”
भजनलाल शर्मा ने दी श्रद्धांजलि
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लिखा, “वरिष्ठ भाजपा नेता, प्रखर विधिवेत्ता, पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री और ‘पद्म विभूषण’ अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटिशः नमन. राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना, दूरदर्शी नेतृत्व, उत्कृष्ट संसदीय परंपराओं और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा.”
इसे भी पढ़ें:-LPG ग्राहकों के लिए बड़ी खबर, अब इन लोगों को नहीं मिलेगी सब्सिडी! जानिए अब क्या होगा