दिल्ली में मूसलाधार बारिश से सड़कें हुई जलमग्न, यातायात प्रभावित

New Delhi: मंगलवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश से राजधानी दिल्ली की रफ्तार थाम गई है। भारी बारिश के बाद मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. शहर के कई इलाकों में गंभीर जलभराव हो गया, जलमग्न सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। एयरलाइन ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म  के अनुसार, दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 18 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 146 उड़ानों में देरी हुई।

भारत मौसम विभाग के द्वारा जारी अपडेट के अनुसार मंगलवार सुबह, दिल्ली के कई हिस्सों में मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई। IMD ने उत्तर दिल्ली, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्व दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, दक्षिण-पूर्व दिल्ली, शाहदरा और पूर्वी दिल्ली के लिए जिला-स्तरीय नाउकास्ट चेतावनी जारी की है।  राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बारिश के इस दौर के कारण दिल्ली के कई मौसम केंद्रों पर इस मानसून की कुल बारिश सामान्य से काफी अधिक हो गई है. 24 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार सफदरजंग में 246.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य 191.1 मिमी से 29 फीसदी अधिक है. पालम में 227.2 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 28 फीसदी ज्यादा है. इसी तरह लोदी रोड पर 233.2 मिमी यानी सामान्य से 22 फीसदी अधिक, रिज स्टेशन पर 243 मिमी यानी 50 फीसदी अधिक और आया नगर में 266.3 मिमी यानी सामान्य से 66 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई।

IMD के अनुसार, इस भारी बारिश का मुख्य कारण मध्य और ऊपरी वायुमंडल के पश्चिमी विक्षोभ और निचले ट्रोपोस्फेरिक ट्रफ का आपस में टकराना है। यह ट्रफ गांगेय पश्चिम बंगाल से दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *