पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने बस में मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत, 11 घायल

Purvanchal Expressway: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हो गए. बल्दीराय थाना क्षेत्र के टेरी गांव के पास हाई स्पीड ट्रक ने गुड़गांव से बिहार जा रही निजी बस में पीछे से टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में बस में सवार तीन यात्रियों की जहां मौत हो गई, वहीं कई घायल हो गए. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लखनऊ से गाजीपुर लेन पर हुआ. गुरुग्राम से बिहार के सुपौल जा रही यात्रियों से भरी बस किसी कारणवश सड़क किनारे खड़ी थी. इसी दौरान पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक बस से जा टकराया. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. बस गुरुग्राम से बिहार जा रही थी.

सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकलवाया. इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई और 11 घायल हो गए. सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें:-4 सितंबर को मनाई जाएगी कृष्ण जन्माष्टमी, जाने पूजा का शुभ मुहूर्त

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *