Entertainment: फिल्म ‘हनुमान अंश’ की भारत में कमाई के मामले में चमत्कार कर दिया है। दो वीक बॉक्स ऑफिस पर सुस्त पड़े रहने के बाद इसने ऐसी हुंकार भरी कि अब कलेक्शन 60 करोड़ रुपये पार हो गया है। फिल्म को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया का असर यह है कि यश अभिनीत फिल्म ‘केजीएफ’ की निर्माता कंपनी अब इसे विदेशों में रिलीज करने जा रही है। विशाल चतुर्वेदी के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म भारत में तो सफल रही ही है। अब इसे 11 सितंबर 2026 को विदेशों में भी रिलीज किया जाएगा। बता दें कि होम्बले फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर घोषणा की कि वे विदेशों में ‘हनुमान अंश’ को रिलीज करेंगे। प्रोडक्शन हाउस ने कहा कि आस्था और आध्यात्मिकता पर आधारित इस फिल्म की कहानी अब भारत से बाहर के दर्शकों तक भी पहुंचेगी।
हनुमान अंश अब विदेश में होगी रिलीज
विशाल चतुर्वेदी कहा कि निर्देशित यह फिल्म नीम करोली बाबा पर आधारित है। बताया जाता है कि यह फिल्म 1.8 करोड़ रुपये के कम बजट में बनी थी, लेकिन इसकी सफलता ने होम्बले फिल्म्स का ध्यान खींचा, जो अब इसे इंटरनेशनल लेवल पर रिलीज करने में मदद कर रहा है। यह फिल्म एक आध्यात्मिक गुरु के जीवन और उनकी शिक्षाओं के साथ-साथ अलग-अलग बैकग्राउंड के लोगों पर उनकी सोच के असर को समझने की कोशिश करती है।
हनुमान अंश का बॉक्स ऑफिस
सैकनिल्क के दिए गए आंकड़ों के मुताबिक ‘हनुमान अंश’ ने भारत में लगभग 10 लाख रुपये से शुरुआत की और 28वें दिन तक 62 करोड़ रुपये से ज्यादा की नेट कमाई कर ली। फिल्म के निर्माताओं का मानना है कि वर्ड ऑफ माउथ की वजह से यह लंबे समय तक सिनेमाघरों में टिकी रही। अब इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज करके निर्माता नीम करोली बाबा की कहानी को विदेशों में रहने वाले दर्शकों तक पहुंचाना चाहते हैं। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर यश की ‘टॉक्सिक’ को जबरदस्त टक्कर दे रही है।
हनुमान अंश की ऑक्यूपेंसी
बता दें कि ‘हनुमान अंश’ के हिंदी वर्जन ने 28वें दिन कुल मिलाकर 38.01% ऑक्यूपेंसी दर्ज की। दिन भर में दर्शकों की संख्या में नाइट स्क्रीनिंग का सबसे बड़ा योगदान रहा। नाइट शो में शानदार 65.23% ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। इसके बाद इवनिंग स्क्रीनिंग में 40.54% ऑक्यूपेंसी रही। दोपहर के शो में 29.62% ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई, जबकि मॉर्निंग स्क्रीनिंग में यह 12.92% रही।