नम आंखों से लोगों ने दी कमांडो अजय भगत को अंतिम विदाई, मां, पत्नी और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल

Jammu and Kashmir: हरियाणा के यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज में देश की सेवा करते हुए सैन्य अभ्यास के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पैरा-1 एसएफ के वीर कमांडो अजय कुमार भगत शुक्रवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। तिरंगे में लिपटे अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए अखनूर की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। नम आंखों से लोगों ने अपने वीर जवान को सलामी दी।

बता दें कि तिरंगे में लिपटा वीर जवान का पार्थिव शरीर सुबह करीब 10:30 बजे हेलिकॉप्टर से अखनूर के रख मुट्ठी स्थित सैन्य क्षेत्र में पहुंचा। सैन्य अधिकारियों ने बलिदानी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पार्थिव शरीर सेना की गाड़ी से पैतृक गांव नई बस्ती नड स्थित आवास लाया गया।

पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। गांव की गलियां और आसपास का क्षेत्र अजय कुमार भगत अमर रहे और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में लोग वीर सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए सड़क के दोनों ओर खड़े रहे। युवाओं से लेकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों तक ने तिरंगे में लिपटे अजय को नम आंखों से सलाम किया। घर में पत्नी मनीषा भगत, मां कांता देवी और चारों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अजय चार बहनों के इकलौते भाई थे।

करीब चार वर्ष पहले उनका विवाह हुआ था। करीब 12 बजे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू हुई। सेना के वरिष्ठ अधिकारियों और कमांडर की मौजूदगी में वीर कमांडो को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। अखनूर के विधायक मोहन लाल भगत ने कहा कि अजय कुमार ने देश की रक्षा और सेवा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *