45 हजार शिक्षकों की होगी भर्ती, सोशल मीडिया से दूरी बनाएं छात्र: सीएम मोहन चरण माझी

Odisha: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने  घोषणा की कि राज्य सरकार अगले तीन वर्षों में शिक्षकों के 45,000 रिक्त पदों पर भर्ती करेगा। इसके साथ ही सीएम माझी ने छात्रों को सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल और भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्राथमिक जिम्मेदारी ज्ञान और कौशल हासिल करना और अपने एवं देश के विकास में योगदान देना है।

सीएम माझी ने कटक स्थित सेकेंडरी बोर्ड हाई स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षक-छात्र संबंधों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्रदान करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह इंसान के निर्माण की एक महान प्रक्रिया है।

उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा की प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार की विभिन्न पहलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार KG से PG तक मुफ्त शिक्षा, शिशु वाटिका केंद्रों और 2,200 गोदाबरिश मिश्रा आदर्श प्राथमिक विद्यालयों के विकास पर काम कर रही है।

तीन साल में 45 हजार शिक्षकों की होगी भर्ती

सीएम माझी ने घोषणा की कि ओडिशा सरकार अगले तीन वर्षों में स्कूलों में 45,000 रिक्त शिक्षक पदों को भरेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में मानव संसाधन को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। माझी ने दावा किया कि ओडिशा देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जहां KG से PG तक मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में 12,000 करोड़ रुपये की लागत से 2,200 गोदाबरिश मिश्रा आदर्श प्राथमिक विद्यालयों का निर्माण किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *