World Cup 2027: भारतीय क्रिकेट टीम वनडे विश्व कप 2027 की तैयारियों में जुटी है. इस बीच रोहित शर्मा और विराट कोहली का भविष्य भी चर्चा का विषय बना हुआ है. साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में टूर्नामेंट होने वाला है. BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने एक इंटरव्यू में स्पष्ट किया कि रोहित शर्मा और विराट कोहली के 2027 वर्ल्ड कप में खेलने का फैसला चयनकर्ताओं के हाथ में होगा. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि दोनों अनुभवी खिलाड़ियों में अभी काफी क्रिकेट बाकी है.
हालांकि, टीम इंडिया में युवा खिलाड़ियों को लगातार मौके दिए जा रहे हैं. ऐसे में आने वाले समय में चयनकर्ताओं के लिए टीम का संतुलन और खिलाड़ियों का प्रदर्शन काफी अहम रहने वाला है. अगर रोहित और विराट 2027 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो उन्हें आने वाली वनडे सीरीज में लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा. चयन समिति खिलाड़ियों की मौजूदा फॉर्म, फिटनेस और टीम की जरूरत के आधार पर फैसला करेगी.
रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी सितंबर के अंतिम हफ्ते में वेस्टइंडीज के खिलाफ होगी. भारत और वेस्टइंडीज के बीच सितंबर-अक्टूबर में तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाने वाली है. 27 सितंबर को श्रृंखला का पहला वनडे मैच खेला जाएगा. रोहित शर्मा और विराट कोहली इस मुकाबले के जरिए मैदान पर कमबैक करेंगे. अगले एक साल में भारतीय टीम लगातार वनडे क्रिकेट खेलेगी. ऐसे में रोहित-विराट पर हर एक सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव होगा.
इसे भी पढ़ें:-हरतालिका तीज पर भूलकर भी न करें ये गलतियां, व्रत-पूजा का फल हो सकता है प्रभावित