New Delhi: नई दिल्ली में आयोजीत 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत आए मलयेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान, दोनों नेताओं ने रक्षा, व्यापार, डिजिटल टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर वगैरह के क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। जिसकी जानकारी विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक बयान जारी कर दी है।
एमईए के बयान के मुताबिक पीएम मोदी ने भारत में प्रधानमंत्री इब्राहिम का गर्मजोशी से स्वागत किया और ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में साझेदार देश के तौर पर मलेशिया की भागीदारी को प्रशंसनीय बताया। दोनों ने फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया यात्रा के नतीजों पर बात की और व्यापार व निवेश, रक्षा व सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, फिनटेक, शिक्षा, पर्यटन और लोगों के बीच आपसी संबंधों जैसे कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की।
इस दौरान प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कोटा किनाबालु, सबाह में भारत का वाणिज्य दूतावास खोलने के लिए मलेशिया की सहमति जताई। पीएम मोदी ने आसियान-भारत संबंधों को मजबूत करने में मलेशिया के लगातार समर्थन की सराहना की। दोनों नेताओं ने आपसी हित के अहम क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया. उन्होंने भारत-मलेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए अपनी निरंतर प्रतिबद्धता जताई।
अनवर इब्राहिम का किया गर्मजोशी से स्वागत: पीएम मोदी
बता दें कि मलेशियाई प्रधानमंत्री 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे. हवाई अड्डे पर विदेश राज्य मंत्री (एमओएस) कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. अपनी यात्रा के दौरान मलेशियाई पीएम भारत के ग्रैंड मुफ्ती से मिलने के लिए केरल जाएंगे. 2026 में ब्रिक्स अध्यक्ष के रूप में, भारत 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।
ब्रिक्स समूह में शामिल है ये देश
बता दें कि ब्रिक्स के सदस्य ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात हैं। वहीं, भागेदार देश बेलारूस, क्यूबा, बोलीविया, कजाकिस्तान, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम हैं।