Odisha: ओएनजीसी यानी कि ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (ONGC) के हाथ एक बड़ी कामयाबी लगी है। पब्लिक सेक्टर की तेल और गैस कंपनी ONGC ने सोमवार को बताया कि उसे ओडिशा तट के पास गहरे समुद्र में प्राकृतिक गैस का भंडार मिला है। व्यावसायिक रूप से व्यावहारिक पाए जाने पर इस खोज का तेजी से विकास और दोहन किया जा सकता है। ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ONGC) ने एक बयान में कहा कि कंपनी ने गहरे समुद्री खोज अभियान ‘समुद्र मंथन’ के तहत कोणार्क से करीब 43 किलोमीटर दूर महानदी अपतटीय बेसिन के ‘MN-DW18-1-H-D’ कुएं में 18 सितंबर को ये खोज की।
पिछले तीन दिनों से अच्छे फ्लो और प्रेशर के साथ कुएं से निकल रही है गैस
सरकारी तेल और गैस कंपनी ने कहा कि महानदी बेसिन में अभियान के तहत खोदा गया ये उसका पहला कुआं है। इसे 1623 मीटर की लक्षित गहराई तक खोदा गया और 1441 से 1452 मीटर की गहराई पर गैस मिली। ओएनजीसी के अनुसार, कुएं से पिछले तीन दिनों से गैस निकल रही है और इसका फ्लो तथा प्रेशर उत्साहजनक बना हुआ है। हालांकि, ये खोज आगे के मूल्यांकन और व्यावसायिक आकलन के अधीन है।
तेजी से किया जा सकता है नई खोज का मौद्रीकरण
ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन ने बताया कि ओडिशा तट से अपेक्षाकृत कम दूरी होने के कारण इस खोज का तेजी से मौद्रीकरण किया जा सकता है, बशर्ते ये व्यावसायिक रूप से व्यावहारिक साबित हो। जानकारी के मुताबिक ऐसे विकास को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियम, 2025 के तहत मदद मिल सकती है। बता दें कि इस नियम के तहत साझा बुनियादी ढांचे के जरिये क्षेत्र के गहरे समुद्री संसाधनों को उत्पादन में लाया जा सकता है।