Srinagar: दक्षिण कश्मीर के यूसमर्ग में मंगलवार देर रात सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर सुलेमान शाह उर्फ फौजी मूसा मारा गया।सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार कोरग इलाके में आतंकियों के छिपे होने की खुफिया सूचना पर सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था।
सुरक्षा बलों को देखते ही आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मूसा ढेर हो गया।इलाके में तीन और आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। सेना ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चला रखा है।अधिकारियों ने बताया कि घने जंगल और पहाड़ी भूभाग को देखते हुए बेहद सतर्कता के साथ अभियान बढ़ाया जा रहा है। बुधवार सुबह ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है। सुरक्षा बलों का प्रयास आतंकियों के भागने के सभी रास्तों को बंद करने का है।
सूत्रों के मुताबिक, मूसा वर्ष 2022 में घुसपैठ के जरिए घाटी में दाखिल हुआ था और तभी से अपना नेटवर्क सक्रिय करने में जुटा था। पीर पंजाल के दोनों ओर आतंकी गतिविधियों और युवाओं को भर्ती कराने में उसकी भूमिका सामने आई है। बताया जा रहा है कि लश्कर में शामिल होने से पहले वह पाकिस्तानी एसएसजी कमांडो था।
इसे भी पढ़ें:-3 अक्टूबर को रखा जाएगा जीवित्पुत्रिका का व्रत, जानें पारण की सही तिथि