Captain Smit Machchhar: फ्लाईदुबई फ्लाइट में हुई घटना अब किसी से छिपी नहीं है, अगर कैप्टन स्मित मच्छर ने उस वक्त हिम्मत और समझदारी नहीं दिखाई होती तो बड़ा हादसा हो जाता। कॉकपिट में हमले के दौरान बुरी तरह घायल होने के बाद भी उन्होंने हमलावर से लड़ाई लड़ी और प्लेन को सुरक्षित बचा लिया, जिसकी चर्चा अब दुनिया भर में हो रही है। वहीं राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने उनके सम्मान में 25 लाख के स्पेशल बहादुरी अवॉर्ड का ऐलान किया है और उन्हें देश के सबसे बड़े वीरता पुरस्कारों से नवाजने की मांग की है।
पुरस्कार का ऐलान किया विक्रमजीत सिंह साहनी ने
राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने शुक्रवार को X पर पोस्ट कर कहा कि कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी आने वाली पीढ़ी के लिए मिसाल बननी चाहिए। उन्होंने बताया कि सन फाउंडेशन की ओर से ‘कैप्टन स्मित मच्छर ब्रेवरी अवॉर्ड’ की शुरुआत की गई है, जिसके तहत 25 लाख रुपये दिए जाएंगे। सांसद ने कहा कि जानलेवा कॉकपिट हमले के बावजूद कैप्टन ने जो हिम्मत दिखाई, उसने एक बड़ी अनहोनी को रोक दिया।
अशोक चक्र से सम्मानित करने की मांग
उन्होंने जानकारी दी कि इसको लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है और कैप्टन स्मित को अशोक चक्र और राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार देने पर विचार करने को कहा है। साहनी ने कहा कि मच्छर का साहस युवाओं को हिम्मत, जिम्मेदारी और इंसानी जिंदगी बचाने के लिए प्रेरित करता है। ऐसे बहादुरी के कामों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना ही चाहिए, ताकि समाज में अच्छा संदेश जाए।
परिवार को है गर्व
वहीं राजकोट में कैप्टन के परिवार ने भी उनकी बहादुरी पर खुशी जताई है। उनके कजिन पुलकित मच्छर ने कहा कि सिर्फ परिवार ही नहीं, पूरा देश उनकी हिम्मत पर गर्व कर रहा है। मुश्किल समय में जिस तरह उन्होंने लोगों की जान बचाई, वो पूरे देश के लिए गौरव की बात है। पुलकित ने कहा कि जब देश के बड़े नेता उनकी तारीफ करते हैं तो परिवार का सीना और चौड़ा हो जाता है।
इसे भी पढ़ें:-जीवित्पुत्रिका व्रत आज, जानें शुभ मुहूर्त और पारण का समय