Uttarkashi Accident: चारधाम यात्रा मार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने सबको हिला दिया. गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सीधे भागीरथी नदी में जा गिरी. हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई.
कार में 7 लोग सवार थे
जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के मुताबिक, सुबह करीब 7:21 बजे हादसे की सूचना मिली. बताया जा रहा है कि कार गंगनानी धर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबराणी की तरफ जा रही थी, तभी ड्राइवर का कंट्रोल बिगड़ गया और कार 200 फीट गहरी खाई से होते हुए नदी में गिर गई. कार में कुल 7 लोग सवार थे.
4 शव बरामद, 3 की तलाश जारी
सूचना मिलते ही मनेरी थाने की पुलिस, SDRF और 108 इमरजेंसी की टीम मौके पर पहुंची. रेस्क्यू के दौरान अब तक नदी से 4 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं. एक घायल को नदी किनारे से बड़ी मुश्किल से सड़क तक लाया गया है. बाकी 2-3 लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया गया है.हादसे की गंभीरता को देखते हुए मनेरा से NDRF की 27 लोगों की टीम को भी मौके पर भेजा गया है. तेज बहाव के कारण रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है.पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिश शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीड और फिसलन को हादसे की वजह माना जा रहा है.
इसे भी पढ़ें:-घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में राहत, कमर्शियल सिलेंडर फिर महंगा, जानिए आपके शहर में क्या है रेट