UP News: यूपी के सीतापुर में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. धनतेरस की रात सर्राफा व्यापारी से 20 लाख की लूट करने वाले दो शातिर बदमाशों को संदना पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने मंगलवार सुबह मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया. दोनों पर 25-25 हजार का इनाम था.
धनतेरस की रात क्या हुआ था?
सिधौली निवासी सर्राफा व्यापारी विमलेश रस्तोगी की संदना के इस्माइलगंज में सोने-चांदी की दुकान है. धनतेरस की रात दुकान बंद कर घर लौटते समय मंझारी चौराहे पर बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर हमला किया और जेवर व नकदी लूटकर फरार हो गए थे. घटना के बाद IG ने मौके का दौरा किया था और SP अंकुर अग्रवाल ने खुलासे के कड़े निर्देश दिए थे.
गणेशपुर ट्यूबवेल के पास घेरा, फायरिंग कर भागने लगे
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूटकांड के वांछित इरफान और दीपक (निवासी गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर खीरी) गणेशपुर सरकारी ट्यूबवेल के पास छिपे हैं. पुलिस ने इलाके को घेरा तो बदमाशों ने सरेंडर के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और बाइक से भागने लगे. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों के पैर में लगी. खेत में घायल पड़े दोनों को पुलिस ने दबोचा और जिला अस्पताल में भर्ती कराया.
लूट का माल बरामद
पुलिस ने बदमाशों के पास से लूटे गए 25 ग्राम सोने के जेवर, 31 हजार रुपये नकद, दो तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है. CO विशाल गुप्ता ने बताया कि इससे पहले भी इस केस में कुछ आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं. सीतापुर पुलिस का अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा.
इसे भी पढ़ें:-टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्ट्री में बड़ा हादसा, ETP टैंक में दम घुटने से 3 मजदूरों की मौत, जहरीली गैस बनी काल