Lucknow: सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड बन चुका है। प्रदेश में अगर बुलडोजर और ट्रैक्टर का निर्माण होगा तो देश ही नहीं, विदेशों में भी इनकी मांग अपने आप बढ़ेगी। यूपी में माफिया राज की जगह कानून का राज स्थापित हुआ है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति ने प्रदेश को निवेश के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाया है।
सीएम योगी ने गुरुवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। इस प्लांट पर 1200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा। करीब 100 एकड़ में विकसित होने वाली इस परियोजना से हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
सीएम योगी ने जेवर क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में कभी अपराध और अराजकता की पहचान थी, आज वही जेवर निवेश के सर्वश्रेष्ठ गंतव्यों में शामिल हो रहा है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यीडा क्षेत्र के विकास से यह पूरा इलाका औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि यहां एचसीएल-फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी बड़ी परियोजनाएं आकार ले रही हैं। आने वाले समय में जेवर देश के औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा।