संतान की लंबी उम्र के लिए रखा जाता है छठ व्रत, जानें राम-सीता और कर्ण से जुड़ी पौराणिक कथा

Chhath Puja 2026: दिवाली के छह दिन बाद लोक आस्था का महापर्व छठ शुरू हो गया है. हिंदू पंचांग के अनुसार कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से इस पर्व की शुरुआत होती है और चार दिनों तक चलता है. आज नहाय-खाय के साथ छठ पूजा का आगाज हो रहा है. मुख्य पूजा षष्ठी तिथि को डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर की जाती है और सप्तमी को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इसका समापन होता है.यह व्रत महिलाएं अपनी संतान की लंबी उम्र, सुखी जीवन और परिवार की खुशहाली के लिए करती हैं. मान्यता है कि छठी मैया निःसंतान दंपतियों की भी सूनी गोद भर देती हैं.

कौन हैं छठी मैया?

धार्मिक ग्रंथों के अनुसार छठी मैया ब्रह्मा जी की मानस पुत्री हैं और उन्हें सूर्य देव की बहन भी माना जाता है. इस व्रत में षष्ठी देवी की पूजा होती है, इसलिए इसे छठ कहा जाता है.कथा के अनुसार ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना के लिए खुद को दो भागों में बांटा. दाएं भाग से पुरुष और बाएं भाग से प्रकृति प्रकट हुई. सृष्टि की अधिष्ठात्री प्रकृति देवी के एक अंश को देवसेना कहा जाता है. प्रकृति का छठा अंश होने के कारण इनका नाम षष्ठी पड़ा, जिन्हें हम छठी मैया के नाम से जानते हैं.

छठी मैया से जुड़ी पौराणिक कथा

एक कथा के अनुसार राजा प्रियंवद को कोई संतान नहीं थी. महर्षि कश्यप ने यज्ञ कराकर उनकी पत्नी मालिनी को यज्ञ का प्रसाद खाने को दिया. प्रसाद खाने से उन्हें पुत्र तो हुआ, लेकिन वह मृत पैदा हुआ. दुखी राजा प्रियंवद मृत पुत्र को लेकर श्मशान पहुंचे और प्राण त्यागने लगे.तभी वहां ब्रह्मा जी की मानस पुत्री देवसेना प्रकट हुईं और कहा कि मैं षष्ठी माता हूं, मेरी पूजा करने से तुम्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति होगी. राजा ने उनके कहे अनुसार व्रत और पूजन किया, जिसके बाद उन्हें तेजस्वी पुत्र की प्राप्ति हुई. तभी से कार्तिक शुक्ल षष्ठी को छठी मैया की पूजा की परंपरा शुरू हुई.

भगवान राम-सीता और कर्ण ने भी किया था छठ व्रत

मान्यता के अनुसार लंका विजय के बाद कार्तिक शुक्ल षष्ठी के दिन भगवान श्रीराम और माता सीता ने भी सूर्य देव की उपासना और छठ व्रत किया था.वहीं महाभारत काल में सूर्य पुत्र कर्ण को सूर्य देव का परम भक्त माना जाता है. वह रोज कमर तक पानी में खड़े होकर सूर्य की पूजा करते थे. सूर्य देव की कृपा से ही वह महान योद्धा बने.

इसे भी पढ़ें:-नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ का महापर्व, जानें पहले दिन का नियम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *