Agniveer: देश सेवा का सपना देख रहे युवाओं के लिए केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना को लेकर बड़ा फैसला लिया है. अब अग्निवीरों को 4 साल बाद घर नहीं जाना होगा, बल्कि उन्हें 2 साल और सेवा करने का मौका मिलेगा. सरकार ने 4 नवंबर 2026 को इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद सेवा अवधि 4 साल से बढ़कर 6 साल हो गई है.
सैलरी में होगा बड़ा इजाफा
नए नियम के मुताबिक अतिरिक्त 2 साल के दौरान अग्निवीरों को पहले से ज्यादा वेतन दिया जाएगा. पहले योजना में पहले साल 30,000 रुपये और चौथे साल 40,000 रुपये महीना मिलता था, लेकिन अब एक्सटेंशन पीरियड में वेतन बढ़ाया गया है.
5वें साल में: 43,500 रुपये प्रति माह
6वें साल में: 47,500 रुपये प्रति माह
25% वाला नियम जारी, बाकी को भी मिलेगा मौका
सरकार ने साफ किया है कि पहले की तरह 25% अग्निवीरों को 4 साल बाद ही मेरिट के आधार पर नियमित सैनिक बनाया जाएगा.जो 75% अग्निवीर बचेंगे, उन्हें 2 साल के एक्सटेंशन का विकल्प दिया जाएगा. 6 साल पूरे करने के बाद उन्हें फिर से नियमित सेवा में जाने का मौका मिलेगा. इसके लिए उनकी इच्छा, अनुशासन और मेडिकल फिटनेस देखी जाएगी.खास बात ये है कि दूसरे कार्यकाल के बाद 75% की सीमा खत्म कर दी गई है, यानी अगर सभी अग्निवीर योग्य पाए गए तो सभी को नियमित कैडर में लिया जा सकता है.
6 साल बाद कितना पैसा मिलेगा?
अग्निवीरों की सैलरी का 30% हिस्सा सेवा निधि में जमा होता है, जिसमें सरकार भी बराबर का योगदान देती है.पहले 4 साल बाद एकमुश्त पैकेज मिलता था, लेकिन अब 6 साल की सेवा पूरी करने वालों के लिए सेवा निधि पैकेज बढ़ाकर कम से कम 10.92 लाख रुपये कर दिया गया है. अगर 6 साल बाद भी किसी अग्निवीर का चयन नियमित सैनिक के तौर पर नहीं होता है, तो उसे यह पूरी राशि एकमुश्त दी जाएगी.
इसे भी पढ़ें:-NTPC के निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट साइट पर हादसा, तीन मजदूरों की मौत, कई घायल