Jharkhand: झारखंड से हादसे की खबर सामने आई है। यह हादसा चतरा जिले के टंडवा में स्थित एनटीपीसी के उत्तरी कर्णपुरा मेगा विद्युत ताप परियोजना की निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट में हुआ। बुधवार को करीब 11:45 बजे यह दुर्घटना हुई. इस दुर्घटना में घटनास्थल पर ही तीन मजदूरों की मौत होने की सूचना है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए टंडवा स्थित संजीवनी हास्पिटल में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि फिलहाल मृतकों की संख्या स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह हादसा एनटीपीसी के सीएचपी जेएच-1 लोकेशन पर हुआ, जहां कन्वेयर बेल्ट निर्माण का कार्य चल रहा था।
इस परियोजना का ठेका एनटीपीसी की ओर से थायसन कंपनी को दिया गया है, जबकि निर्माण कार्य पेटी ठेकेदार सिंपलेक्स कंपनी के माध्यम से कराया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, निर्माणाधीन स्ट्रक्चर के डिजाइन में कथित खामी को हादसे का संभावित वजह बताया जा रहा है।
हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी, इस हादसे ने निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का कितना पालन किया जा रहा था और क्या स्ट्रक्चर की तकनीकी जांच कराई गई थी।
थाना प्रभारी विपिन कुमार ने तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में फिलहाल एक की पहचान राजेंद्र सोनी के रूप में हुई है, जो टंडवा का रहने वाला था। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि 5-6 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। काउंटर बेल्ट टूटने से यह घटना हुई है।
अन्य दो मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे में घायल मजदूरों का टंडवा स्थित संजीवनी अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रशासन और संबंधित कंपनियों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी, फिलहांल, पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जांच में जुटी हैं।