मां को अंतिम विदाई देते समय भावुक हुए CM योगी, आंखों से छलके आंसू

Uttarakhand: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड के पंचूर में अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी. इस दौरान सीएम योगी भावुक नजर आए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े. उन्होंने मां की पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.सीएम योगी कुछ समय के लिए मां के सामने खड़े होकर मौन हो गए. इस पल को देखकर वहां मौजूद हर शख्स भावुक नजर आया.

मां की अर्थी को सीएम योगी ने दिया कंधा

अंतिम विदाई के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां की अर्थी को कंधा दिया. इस दौरान उनकी आंखों में आंसू थे. मुख्यमंत्री मां के निधन पर गहरे दुख में दिखाई दिए और कई बार भावुक दिखे.इस दौरान निषाद पार्टी के मुखिया और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद भी सीएम योगी के गांव पंचूर पहुंचे. कैबिनेट मंत्री ने पौड़ी गढ़वाल में पहुंचकर सीएम योगी की मां को श्रद्धा सुमन अर्पित किए.

हरिद्वार के चंडी घाट पर होगा अंतिम संस्कार

सावित्री देवी की पार्थिव देह को अंतिम संस्कार के लिए पंचूर से हरिद्वार ले जाया जा रहा है और चंडी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. उनके अंतिम संस्कार में बीजेपी के कई बड़े नेताओं समेत बड़ी संख्या में बीजेपी नेताओं के शामिल होने का अनुमान है.

91 साल की उम्र में हुआ निधन

शुक्रवार 20 नवंबर को सीएम योगी की मां का 91 साल की उम्र में पौड़ी स्थित पैतृक आवास में निधन हो गया था. शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली.सीएम योगी को जब ये सूचना मिली, उस समय वो लखनऊ में एक सरकारी कार्यक्रम में मौजूद थे. बावजूद इसके उन्होंने अपना कार्यक्रम जारी रखा. हालांकि इस दौरान उनके चेहरे पर मां को खोने का दुख भी साफ दिखाई दे रहा था.

मां के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना कार्यक्रम खत्म करने के बाद उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए थे. जिसके बाद उन्होंने मां के अंतिम दर्शन किए. अंत्योष्टि की सभी रस्में पूरी होने के बाद सीएम योगी लखनऊ वापस आ जाएंगे.

इसे भी पढ़ें:-पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, शव लेकर जा रही एंबुलेंस की पिकअप से टक्कर, 5 की मौत