UP News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह करीब 6.30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में एंबुलेंस सवार पांच लोगों की मौत हो गई. एंबुलेंस जयपुर से एक शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही थी.
कैसे हुआ हादसा?
सुबेहा थाना क्षेत्र के गेरांवा गांव के पास एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस की टक्कर एक तेज रफ्तार पिकअप से हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए. पुलिस के मुताबिक, पिकअप की टक्कर में एंबुलेंस सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. सभी को इलाज के लिए सीएचसी हैदरगढ़ ले जाया गया था, जहां डॉक्टर्स ने उनको मृत घोषित कर दिया.
शव लेकर जा रही थी एंबुलेंस
जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस से अजीजुल हक नाम के शख्स का शव पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था. उसमें शव के साथ परिवार के तीन सदस्य और दो चालक सवार थे.
मरने वालों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रफीकुल हक, अमीनुल हक के रूप में हुई है. इसके अलावा एंबुलेंस के दोनों चालकों की भी मौत हो गई. एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है.
एक्सप्रेसवे पर मची चीख-पुकार
इस हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई. सूचना पर पुलिस और यूपीडा की राहत टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.