न्यूजीलैंड में केएल राहुल का धमाका, 136 रन की पारी से तोड़ा गावस्कर का रिकॉर्ड

KL Rahul: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल ने न्यूजीलैंड की धरती पर शतक जड़कर कई खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए. केएल ने 290 गेंदों का सामना करते हुए 136 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. वेलिंगटन में खेले जा रहे मैच में उनकी इस पारी ने न सिर्फ भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि न्यूजीलैंड में टेस्ट शतक लगाने वाले भारतीय ओपनर्स की लिस्ट में भी बड़ा बदलाव कर दिया. इस पारी से राहुल ने सुनील गावस्कर को न्यूजीलैंड में सबसे बड़ी पारी खेलने के मामले में पीछे छोड़ दिया.

न्यूजीलैंड में भारतीय ओपनर्स के सबसे बड़े टेस्ट स्कोर

केएल राहुल अब न्यूजीलैंड में टेस्ट शतक लगाने वाले भारतीय ओपनर्स की लिस्ट में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने 136 रन बनाकर सुनील गावस्कर के 116 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. इस लिस्ट में राहुल से आगे अब सिर्फ गौतम गंभीर हैं, जिन्होंने साल 2009 में न्यूजीलैंड दौरे पर दो शानदार शतकीय पारियां खेली थीं. उन्होंने 2009 में वेलिंगटन में 167 रन और नेपियर में 137 रन की पारी खेली थी. अब केएल राहुल 136 रन के साथ तीसरे नंबर पर आ गए हैं.

SENA देशों में भी राहुल का शानदार रिकॉर्ड

केएल राहुल का प्रदर्शन सिर्फ न्यूजीलैंड तक सीमित नहीं है. SENA देशों यानी दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में भी बतौर ओपनर उनका रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है. इन देशों में राहुल ने अब तक 51 पारियों में 1940 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 38.80 रहा है. उनके नाम छह अर्धशतक और सात शतक दर्ज हैं.एशियाई ओपनर्स की बात करें तो SENA देशों में राहुल से ज्यादा रन और शतक सिर्फ सुनील गावस्कर के नाम हैं. गावस्कर ने इन देशों में बतौर ओपनर 2464 रन बनाए थे और उनके नाम आठ शतक दर्ज हैं. यानी राहुल अब इस लिस्ट में गावस्कर के बाद दूसरे स्थान पर हैं.

न्यूजीलैंड में भारतीय ओपनर्स के सबसे बड़े टेस्ट स्कोर
167 रन- गौतम गंभीर, वेलिंगटन, 2009
137 रन- गौतम गंभीर, नेपियर, 2009
136 रन- केएल राहुल, वेलिंगटन, 2026
116 रन- सुनील गावस्कर, ऑकलैंड, 1976
115 रन- शिखर धवन, ऑकलैंड, 2014

राहुल की पारी ने भारत को दी मजबूती

वेलिंगटन टेस्ट में राहुल की 136 रन की पारी भारतीय टीम के लिए बेहद अहम रही. उन्होंने धैर्य के साथ बल्लेबाजी की और एक छोर संभाले रखा. राहुल ने पहले यशस्वी जायसवाल के साथ 130 रन और फिर पडिक्कल के साथ 165 रन की साझेदारी करके भारत को बढ़त दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई. राहुल ने अपनी पारी के दौरान जरूरत के मुताबिक आक्रामक शॉट भी लगाए और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा.इस शतक के साथ राहुल ने एक बार फिर साबित किया कि विदेशी परिस्थितियों में भी वह टीम इंडिया के भरोसेमंद बल्लेबाज हैं. न्यूजीलैंड में भारतीय ओपनर्स के रिकॉर्ड में गावस्कर को पीछे छोड़ना उनके करियर की एक बड़ी उपलब्धि है.

इसे भी पढ़ें:-मां को अंतिम विदाई देते समय भावुक हुए CM योगी, आंखों से छलके आंसू