सरकारी भर्ती के शोर के बीच  पीएम मोदी ने स्वरोजगार का चलाया दांव, जानें भाषण के पांच बड़े मायने

Lucknow: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की बिसात बिछने लगी है। पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह के लिए लखनऊ पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी ने मंच से युवा मतदाताओं को साधने के साथ भाजपा का चुनावी एजेंडा भी साफ कर दिया। कौशल, तकनीक, रोजगार और आत्मनिर्भरता पर जोर देकर उन्होंने युवाओं के भविष्य को विकास के नैरेटिव से जोड़ने की कोशिश की। संदेश साफ था कि चुनाव में जातीय समीकरणों के साथ रोजगार, आर्थिक अवसर व युवा आकांक्षाओं को विमर्श के केंद्र में रखा जाएगा।



राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में पीएम मोदी ने कौशल विकास को प्रशिक्षण और प्रमाणपत्र तक सीमित न रखते हुए बदलती अर्थव्यवस्था की जरूरतों से जोड़ा। इसके जरिये युवाओं को तकनीकी दक्षता हासिल कर रोजगार के नए अवसरों से जुड़ने का संदेश दिया। भाजपा के लिए यह इसलिए भी अहम है, क्योंकि प्रदेश की बड़ी युवा आबादी चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की क्षमता रखती है। रोजगार, सरकारी भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं और युवाओं के भविष्य की अनिश्चितता जैसे मुद्दे विपक्ष लगातार उठाता रहा है।